Rampur News: जिला जज ने ग्राम न्यायालय का किया उद्घाटन
स्वार (रामपुर)। जिला जज अचल सचदेव ने स्वार में स्थापित ग्राम न्यायालय का उद्घाटन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जनता को सस्ता एवं त्वरित न्याय मुहैया कराने के लिए ग्राम न्यायालय स्थापित किए जा रहे हैं। लोगों को अपने अधिकार या फिर आपसी विवाद के लिए अपने ही तहसील में न्याय मिलेगा। ग्राम न्यायालय के खुलने क्षेत्रीय जनता को लाभ होगा।
ग्राम न्यायालय तहसील परिसर में स्थापित हुआ है। इसके पीठासीन अधिकारी प्रवीण कुमार यादव को बनाया गया है। जो मुकदमे की सुनवाई करेंगे। क्षेत्रीय जनता को अपने छोटे-छोटे मामले के लिए जिला मुख्यालय जाना पड़ता था। अब उन्हें ग्राम न्यायालय में ही न्याय मिल जाएगा। ग्राम न्यायालय में दीवानी एवं फौजदारी संबंधित 25 हजार रुपये से कम मूूल्य अथवा दो वर्ष से कम की सजा वाले मुकदमे की सुनवाई की जाएगी। जिससे क्षेत्रीय जनता का समय और धन की बचत होगी और जनता को सस्ता, सुलभ व त्वरित न्याय मिलेगा। उद्घाटन से पूर्व जिला जज अचल सचदेव को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। एसडीएम अवनीश कुमार ने जिला जज का स्वागत किया। इस मौके पर सीजेएम सुमिता, सीओ ओमकार नाथ शर्मा, सीनियर बार वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष गुरनाम सिंह संधू, बार वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष एम ज़हूर खां, दोनों बारों के सचिव और सीनियर अधिवक्ता ताहिर हसन खां, इरशाद अहमद, राशिद खां, अतहर फईम, राशिद अली गौस, मोहम्मद जुनैद, बृजकिशोर दिवाकर, शेख नदीम और आदिल पाशा आदि वकील मौजूद रहे।
ग्राम न्यायालय के आदेश की अपील 30 दिन के अंदर होगी
स्वार। ग्राम न्यायालय के आदेश होने के 30 दिनों के अंदर संबंधित जिला न्यायालय में चुनौती दी जाएगी। इसके अलावा दीवानी मामलों में संबंधित जिला न्यायालय में चुनौती दी जा सकती है जबकि फौजदारी मामलों में संबंधित सत्र सेशन कोर्ट में चुनौती दी जा सकती है। ग्राम न्यायालय में मुकदमे के निस्तारण छह माह के अंदर वाद का निर्णय करने का प्रावधान है।
बिलासपुर और शाहबाद में ग्राम न्यायालय पहले से कर रहे हैं कार्य
स्वार। बृहस्पतिवार को स्वार में ग्राम न्यायालय का शुभारंभ हो गया। अब जिले में तीन ग्राम न्यायालय कार्य कर रहे हैं। इससे पहले बिलासपुर और शाहबाद में ग्राम न्यायालय कार्य कर रहे थे।