Rampur News: डीएम ने निजी चिकित्सक के गलत उपचार की जांच के लिए गठित की टीम
रामपुर। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला की मौजूदगी में बिलासपुर में संपूर्ण समाधान दिवस में आईं 27 में से तीन शिकायतों का निस्तारण कर दिया। डीएम ने एक निजी चिकित्सक पर गलत उपचार के आरोपों की जांच के लिए टीम गठित कर जल्द जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए है।तहसील सभा में आयोजित जनसुनवाई के दौरान मोहल्ला भट्टीटोला निवासी महिला ने डीएम से एक निजी अस्पताल में गलत उपचार दौरान हुई बेटे की मौत के मामले में कार्रवाई की मांग की है। महिला ने अस्पताल के निजी चिकित्सक पर इलाज के दौरान लापरवाही का आरोप लगाया है। इस पर डीएम ने डिप्टी सीएमओ की अध्यक्षता में कमेठी गठित कर प्रकरण की जांच करने के निर्देश दिए। वहीं भाकियू जिलाध्यक्ष जगजीत सिंह गिल, ब्लाकाध्यक्ष दलजीत सिंह, जागवेंद्र सिंह ने गांव नयागांव और विसारतनगर के बीच गूल खोदने को लेकर दो पक्षों में विवाद के समाधान की मांग की।
इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम मयंक गोस्वामी को मौके का निरीक्षण करके अभिलेखों के अनुसार नियम संगत तरीके से समाधान कराने के निर्देश दिए, जिस पर एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों की मौजूदगी में अभिलेखों का परीक्षण करते हुए विवाद का समाधान कराया।अधिवक्ता मोहम्मद दानिश ने पैमाइश कराने, बार एसोसिशन अध्यक्ष अमरीक सिंह चौहान ने सार्वजनिक रास्ते से अवैध टैक्सी स्टैंड हटवाने की मांग की।
उन्होंने पूर्व में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों के समाधान की स्थिति का परीक्षण करने के लिए जिलाधिकारी ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव जैन के माध्यम से शिकायती रजिस्टर में दर्ज शिकायतकर्ता के नंबर पर फोन करवाया और उनकी समस्याओं व शिकायतों के समाधान की स्थिति का सत्यापन कराया। इस दौरान उन्होंने सड़क किनारे खंतियों से अवैध कब्जों को जल्द हटवाने के निर्देश दिए। इस मौके पर जिला व तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।