Rampur News: पांच एकड़ भूमि में होगा ई-बस के चार्जिंग स्टेशन व वर्कशॉप का निर्माण
रामपुर। रामपुर की सड़काेें पर जल्द ई-बसें दौड़ती नजर आएंगी। केंद्र सरकार ने रामपुर में 50 ई-बसें चलाने का निर्णय लिया है। बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन और वर्कशॉप के निर्माण के लिए भूमि को चयनित करने की कवायद शुरू हो चुकी है। शहर के अंदर पांच एकड़ भूमि में वर्कशॉप और चार्जिंग स्टेशन का निर्माण कराया जाएगा।
शहर विधायक आकाश सक्सेना ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात कर रामपुर में ई-बसों के संचालन का प्रस्ताव रखा था। जिसको केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी। रामपुर में 50 ई-बसों के संचालन का निर्णय लिया है। इसे पर्यावरण के नजरिये से अच्छा निर्णय माना जा रहा है। बसों के संचालन से पहले इनके चार्जिंग स्टेशन और मेंटीनेंस के लिए वर्कशॉप का निर्माण होना है। मुरादाबाद सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज के प्रबंध निदेशक मोहम्मद परवेज खान ने शहर के अंदर पांच एकड़ भूमि चयनित करने के निर्देश रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र भेजकर दिए हैं। जिसमें उन्होंने कहा है कि जिला प्रशासन के सहयोग से शीघ्र ही भूमि चयनित कर ली जाए, जिससे काम तुरंत शुरू हो सके। केंद्र सरकार वर्ष 2025 तक हर जिले में ई-बसों का संचालन शुरू कराने की तैयारी में है। ई-बसों का संचालन होने से पर्यावरण को काफी फायदा पहुंचेगा। कार्बन उत्सर्जन कम हो जाएगा।
ई-बसों के संचालन के संबंध में लखनऊ और मुरादाबाद से पत्र आए हैं। शहर में पांच एकड़ भूमि चयनित करने के निर्देश मिले हैं। भूमि पर बस का चार्जिंग स्टेशन व वर्कशॉप का निर्माण कराया जाएगा। भूमि जल्द तलाश ली जाएगी।
– दीप चंद जैन, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम रामपुर।