Rampur News: मसवासी समेत क्षेत्र के 32 गांवों की बिजली गुल
रामपुर। स्वार में तेज हवा और जबरदस्त बारिश के कारण मसवासी नगर समेत क्षेत्र के 32 गांव की बिजली शनिवार रात को गुल हो गई। रविवार रात तक बिजली न आने से लोग परेशान हो गए। तेज हवाओं के बीच दिनभर जबरदस्त बारिश होने से टांडा से दढ़ियाल होकर मसवासी पहुंच रही 33 हजार केवी की बिजली लाइन में फाल्ट हो गया। इसके चलते बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अवर अभियंता अनवर अली ने बताया कि बारिश के चलते एचटी लाइन का ब्रेकडाउन दूर नहीं हो सका। बारिश बंद होने के बाद ही बिजली सुचारू हो सकेगी।
बारिश ने नौ घंटे उड़ाई शहर की बिजली
बिलासपुर। रविवार को हुई मूसलाधार बारिश लोगों के लिए आफत बन गयी। बारिश के चलते विद्युत लाइनों में फाल्ट आने के चलते नगर में करीब नौ घंटे और ग्रामीण क्षेत्र में पूरे दिन विद्युतापूर्ति ठप रही। रविवार सुबह से ही लगातार हो रही तेज बारिश का सर्वाधिक प्रभाव बिजली आपूर्ति पर पड़ा। लाइनों पर पेड़ गिरने से नगर में सुबह नौ बजे फाल्ट होने से बिजली गुल हो गई। 11 बजे विद्युत आपूर्ति सुचारू करने का प्रयास किया तो फिर फाल्ट हो गया। नगर में नैनीताल हाईवे स्थित ब्लॉक कार्यालय के समीप, मोहल्ला सिंह कॉलोनी, बिसारत नगर आदि स्थानों पर इंसुलेटर फट गए। एसडीओ प्रदीप प्रसाद गुप्ता ने बताया कि शाम करीब छह बजे बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी गई। संवाद