Rampur News: अब्दुल्ला के पक्ष में फरहान ने दर्ज कराए बयान, गवाही पूरी
रामपुर। पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में बुधवार को अब्दुल्ला के पक्ष में गवाह फरहान खां ने अपने बयान दर्ज कराए। अभियोजन अधिकारी ने गवाह से जिरह की। उनकी जिरह पूरी हो गई है। अब इस मामले में अगली सुनवाई छह जून को होगी।
भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने वर्ष 2019 में गंज थाने में अब्दुल्ला आजम, डा. तंजीन फात्मा और आजम खां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें विवेचना के बाद पुलिस ने चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी थी। इस मामले में अब्दुल्ला आजम, डॉ. तंजीन फात्मा और आजम खां जमानत पर चल रहे हैं। अभियोजन की गवाही पूरी हो गई है। अब्दुल्ला आजम की ओर से अपने बचाव में साक्ष्य पेश किए जा रहे हैं। मामले की सुनवाई बुधवार को एमपी एमएलए कोर्ट मजिस्ट्रेट ट्रायल में हुई। सुनवाई के दौरान अब्दुल्ला के पक्ष में गवाह फरहान खां ने अपने बयान दर्ज कराए। अभियोजन अधिकारी अमरनाथ तिवारी ने गवाह से जिरह की। वादी के अधिवक्ता संदीप सक्सेना ने बताया कि कोर्ट ने सुनवाई के लिए छह जून की तारीख निर्धारित की है। सुनवाई के दौरान अब्दुल्ला आजम कोर्ट में मौजूद रहे। डॉ. तंजीन फात्मा और आजम खां का हाजिरी माफी प्रार्थनापत्र उनके अधिवक्ता ने कोर्ट में पेश किया।