Rampur News: नींद की झपकी आने से अपने ही ट्रैक्टर के नीचे दबकर किसान की मौत
धमोरा। शहजादनगर थाना क्षेत्र के दीनपुर गांव के रहने वाले एक किसान की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौत हो गई। किसान का खुद का ही ट्रैक्टर था। खेत की जुताई करते समय यह हादसा हुआ। परिजनों ने उन्हें ट्रैक्टर के नीचे से निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
दीनपुर गांव निवासी गेंदन लाल (40) पुत्र मुकुंद राम बृहस्पतिवार को दोपहर अपने ट्रैक्टर से खेत जोत रहे थे। तभी अचानक किसान को नींद की झपकी आ गई। इस बीच किसान ट्रैक्टर के नीचे आ गया। हादसे में किसान ट्रैक्टर में लगे रोटावेटर में फंस गया और मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देख दूसरे खेतों पर काम कर रहे लोग दौड़ पड़े। मौके पर भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक किसान अपने पीछे दो पुत्र और तीन पुत्रियां छोड़ गया है।