रामपुर

Rampur News: डंपर की टक्कर से साइकिल सवार किसान की मौत, हंगामा

Connect News 24

रामपुर। ढकिया-शाहबाद रोड पर मंगलवार को खंजीपुरा गांव निवासी साइकिल सवार किसान रामपाल (55) को डंपर ने टक्कर मार दी। जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने ग्रामीणों संग मिलकर रोड पर जाम जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। आश्वासन के बाद करीब आधा घंटा बाद जाम खुल सका।

ढकिया चौकी क्षेत्र के खंजीपुरा गांव निवासी रामपाल मंगलवार की सुबह खेत पर फसल देखने के लिए गए थे। दोपहर को लगभग एक बजे रामपाल साइकिल से वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में ढकिया-आसफपुर रोड पर पीछे से आ रहे एक डंपर ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर ढकिया चौकी इंचार्ज विपिन कुमार, क्राइम इंस्पेक्टर हारुन खान व एसआई आदेश कुमार मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन परिजन व लोग नहीं माने। डंपर चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन अड़े रहे। जिसके बाद सीओ केएन आंनद और एसडीएम सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम को खुलवाया। तकरीबन आधा घंटे तक ढकिया-आसफपुर मार्ग पर जाम लगा रहा। इससे यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ केएन आंनद ने बताया कि डंपर व चालक दोनों को हिरासत में ले लिया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

मौत के बाद परिवार के सामने आया आर्थिक संकट

रामपाल के परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटे व तीन बेटियां हैं। तीन बेटियों व दो बेटों की शादी कर चुके हैं। अभी एक बेटा शादी के लिए शेष है। शादी के बाद दोनों बेटे अलग रहते हैं। रामपाल खेतीबाड़ी कर परिवार को खर्च चलाते थे। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट आ गया है। एसडीएम सुनील कुमार ने बताया कि मृतक के परिवार को कृषक दुर्घटना में पांच लाख का मुआवजा मिलेगा।

ग्रामीणों ने एसडीएम से स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की

हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव के दोनों ओर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की। जिस पर तुरंत एसडीएम सुनील कुमार ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से दोनों और स्पीड ब्रेकर बनवाने के लिए कहा। ग्रामीणों का मानना है कि स्पीड ब्रेकर से होने वाले हादसों पर अंकुश लगेगा।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button