Rampur News: किसानों ने तहसील में प्रदर्शन कर एसडीएम को बताईं समस्याएं
रामपुर। बिलासपुर में भाकियू अराजनैतिक के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर तहसील में प्रदर्शन किया। इसके बाद एसडीएम अमन देअोल को ज्ञापन देकर समस्याओं से अवगत कराया। एसडीएम ने जल्द ही समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया है।
शनिवार को भाकियू अराजनैतिक के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष अजय बाबू गंगवार के नेतृत्व में तहसील में प्रदर्शन किया। किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर कहा कि क्षेत्र में छुट्टा पशुओं की समस्या हल नहीं हो पा रही है। छुट्टा पशु किसानों की फसल बर्बाद कर देते हैं। जिससे किसान की आर्थिक स्थिति गड़बड़ाने लगी है। साथ ही कहा कि गांव भटपुरा तारन में गरीब लोगों के राशन कार्ड नहीं बनाए जा रहे हैं। जबकि अपात्रों राशन कार्ड बना दिए गए हैं। कहा कि अपात्रों के राशन कार्ड कटवाकर पात्र और गरीब लोगों के राशन कार्ड बनवाए जाएं। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष अजय बाबू गंगवार, हरिशंकर यादव, शमशेर सिंह, सुखविंदर सिंह, राशिद मियां, प्रेम पाल गंगवार, वीरेंद्र गंगवार, सुंदर यादव, महेश बाबू , दानिश खान, विपिन शर्मा, जफर खां, आसिफ, कल्लू पांडेय, मुरारी लाल यादव, भगत सिंह, शिव चरण राठौर, इकबाल, नबाब हुसैन, प्रदीप यादव आदि सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
किसानों को खेत में लगाने के लिए मिले पौधे
भाकियू कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार की ओर से लगाए जाने वाले पौधे तहसील से सीधे किसानों को मिलने चाहिए। ताकि किसान अपने खेतों में पौधरोपण कर सके। शासन-प्रशासन की ओर से लगाए जाने वाले पौधे कुछ ही साल में सूख जाते हैं। इसके अलावा उन्होंने गांव में घरों से ऊपर होकर गुजर रही बिजली की लाइन को भी हटवाने की मांग रखी।


