Rampur News: किसानों ने बुलडोजर पर चढ़कर भरी हुंंकार, बोले-मांगें पूरी करो सरकार
रामपुर। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट ने ट्रैक्टर रैली निकाली। इस दौरान सैकड़ों किसान जोरदार तरीके से प्रदर्शन करते हुए निकले। शहर के इलाकों से होकर गुजरे इस रैली ने लोगों का ध्यान खींचा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस सुरक्षा के बीच किसान गांधी समाधि पहुंचे यहां अपनी समस्याओं के निस्तारण के लिए सिटी मजिस्ट्रेट सत्यम मिश्रा को ज्ञापन दिया गया। इसके बाद किसान वापस रवाना हो गए।
सुबह करीब 11 बजे जगजीत सिंह गिल के नेतृत्व में 1000 से अधिक किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकाली। इस दौरान करीब 150 बड़े ट्रैक्टर, जीप, गाड़ियों समेत जेसीबी के ऊपर चढ़कर किसानों ने हुंकार भरी। यह रैली राधा रोड से शुरू हुई और फिर यह स्टेशन रोड से होते हुए आंबेडकर पार्क पहुंची। इस दौरान आगे-आगे पुलिस उसके पीछे जेसीबी पर चढ़े किसान नारेबाजी करते रहे। फिर किसानों की जिप्सी के साथ करीब 150 ट्रैक्टरों पर किसानों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़े। आंबेडकर पार्क से होते हुए यह रैली सीधे गांधी समाधि पहुंची। यहां पर किसानों ने अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान जिलाध्यक्ष जगजीत सिंह गिल ने कहा कि हर विपत्ति में किसान देश के साथ खड़ा रहा है। कोरोना जैसी विपत्ति के दौर में भी किसानों ने अन्न उत्पादन करके दिया था और संकट के इस दौर से बाहर निकाला, लेकिन खेती पर बढ़ता खर्च और फसल का वाजिब भाव न होना किसान को कर्ज की ओर ले जाने को मजबूर कर रहा है। कहा कि किसान भूमि को बंधक करके बैंकों से ऋण ले रहा है, जिससे उसकी भूमि बैंकों में बंधक हो चुकी है। कहा कि परिवार का पालन-पोषण उसके लिए भविष्य में चुनौती बन गया है। ऐसे में देश की खेती किसानी कर रहा यह तबका समस्याओं से गुजर रहा है। उन्होंने जल्द समस्याओं के निदान की मांग की है। इस दौरान उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट सत्यम मिश्रा को एक ज्ञापन सौंपते हुए मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी को भेजा। जिसमें उन्होंने मांगों को पूरा करने कराने के लिए कहा। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने उनकी मांगों को सुना और निराकरण कराने के लिए कहा। इस अवसर पर रजिंद्र लोधी, वरिंद्र सिंह लोधी, ओबराज लोधी, सुखविंदर सिंह गिल, प्यारा सिंह, शकदेव सिंह, सूरज सिंह, लाडी, निर्मल सिंह गिल, लखवीर सिंह कंबोज, विक्की गिल, पिल्ला, जसवीर सिंह, जगजीत सिंह कंबोज समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
जिलाध्यक्ष की हुई तबीयत बिगड़ी
रामपुर में ट्रैक्टर रैली के दौरान जिलाध्यक्ष की गर्मी के चलते तबीयत खराब हो गई। गांधी समाधि तक रैली पहुंचने के बाद जिलाध्यक्ष जगजीत सिंह गिल को कुछ चक्कर आने पर कुछ देर के लिए किसान ठहर गए। इसके बाद उनको पानी पिलाने के बाद ज्ञापन दिया जा सका। किसान नेता जगजीत गिल ने बताया कि उनको डीहाइड्रेशन हो गया था।
कई किसानों के बजते दिखे हूटर
शहर में विशाल रैली के दौरान कुछ किसान नेताओं ने अपनी गाड़ी में हूटर लगा लिए थे। पुलिस की मौजूदगी में सड़कों पर हूटर बजते रहे।
चप्पे-चप्पे पर रही पुलिस तैनात
राधा रोड से लेकर गांधी समाधि और वापसी होने तक जगह-जगह पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। सिटी मजिस्ट्रेट सत्यम मिश्रा के साथ ही सीओ अरुण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार बनी रही।
क्या हैं प्रमुख मांगे:
-सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाए।
-निजी नलकूप लगाने पर 300 मीटर बिजली लाइन मिलती थी इसको दोबारा लागू कराएं।
-गन्ने के भुगतान की डिजिटल व्यवस्था की जाए।
-चीनी मिलों पर करोड़ों रुपये बकाया है, उसका भुगतान जल्द हो।
-सरकार ग्राम पंचायत स्तर पर सरकारी परती की जमीनों पर पशुशालाएं बनाई जाएं।
-एमएसपी गारंटी कानून बनाने के मामले में केंद्र सरकार पहल करें, कानून को अमल जीमा पहनाएं।
-स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट ब2-50 के फार्मूले को लागू किया जाए।
-कृषि यंत्रों पर योजना के तहत छूट का प्रावधान और उपकरणों, यंत्रों पर जीएसटी हो मुफ्त।
-फसलों की बुवाई के समय उर्वरक केंद्रों को हो उपलब्ध, उद्योगों को दी जा रही सब्सिडी मिले।
-लखीमपुर कांड के दोषी को सजा दी जाए, मंत्री को किया जाए बर्खास्त।

