Rampur News: किसान नेता की गिरफ्तारी पर भड़के किसान, टोल प्लाजा पर प्रदर्शन
भोट (रामपुर)। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी युवद्धवीर सिंह की दिल्ली में गिरफ्तारी की सूचना पर भाकियू कार्यकर्ता भड़क गए और रिहाई की मांग को लेकर नैनीताल हाईवे पर स्थित कोयला टोल प्लाजा पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान आक्रोशित किसानों ने नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक विरोध प्रर्दशन के बाद किसान नेता की रिहाई किए जाने की सूचना मिलने पर आक्रोशित किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।
मंगलवार देर रात भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव को दिल्ली एयरपोर्ट पर दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। गिरफ्तारी की सूचना पर किसानों में आक्रोश फैल गया । भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने राष्ट्रीय महासचिव की रिहाई तक देश भर के पदाधिकारियों से स्थानीय टोल प्लाजा पर एकत्र होकर धरना देने के आदेश दिए थे। बुधवार सुबह करीब नौ बजे भाकियू के प्रदेश महासचिव हसीब अहमद के नेतृत्व में तमाम कार्यकर्ता व स्थानीय किसान बुधवार कोयला टोल प्लाजा पर एकत्र हो गए। इस दौरान किसान विरोध प्रदर्शन करते हुए टोल प्लाजा परिसर में ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी व विरोध प्रदर्शन किया।
वहीं करीब दो घंटे बाद भाकियू के मंडल प्रभारी द्वारा दिल्ली पुलिस द्वारा राष्ट्रीय महासचिव चौधरी युद्धवीर सिंह को रिहा किये जाने की जानकारी पर किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। विरोध प्रदर्शन करने वालों ,इरफान हसन,सुभाष चंद्र शर्मा, मोहम्मद हाफिज अय्यूब, नल सिंह, मोहम्मद तालिब, तौकीर, मित्रपाल, छत्रपाल, राजकुमार, मुस्तकीम, राजेश गंगवार आदि मौजूद रहे।
बुधवार सुबह भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश महासचिव हसीब अहमद के नेतृत्व में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं द्वारा टोल प्लाजा पर धरना दिए जाने की सूचना पर पुलिस प्रशासन के साथ ही खुफिया तंत्र भी सक्रिय हो गया। थानाध्यक्ष निशा खटाना भी भारी पुलिस बल के साथ कोयला टोल प्लाजा पर पहुंच गयी और टोल प्लाजा परिसर पुलिस छावनी में बदल गया । यहां कई थानाें का पुलिस फोर्स तैनात करने के साथ ही पुलिस क्षेत्राधिकारी भी पहुंच गए।वहीं करीब दो घंटे बाद धरना समाप्त करने की घोषणा किये जाने पर पुलिस अधिकारियों ने राहत की सांस ली।