Rampur News: मुठभेड़ में पांच पशु तस्कर गिरफ्तार, एक को लगी गोली
स्वार (रामपुर)।
सोमवार की रात पशु तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों ओर से फायरिंग हुई, जिसमें एक तस्कर गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी कर पांच तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक तस्कर मौके से फरार हो गया। पकड़े गए तस्करों के कब्जे से दो बाइक और अवैध तमंचे और कारतूस मिले हैं। मौके से कार में भरे दो सरंक्षित पशु बरामद हुए हैं। घायल तस्कर को पुलिस ने जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से उसे मेरठ रेफर किया गया है।
रात करीब 11 बजे कोतवाल अजय कुमार मिश्रा को मुखबिर से सूचना मिली कि बिलासपुर मार्ग पर मिलक खानम दिशा से एक मारुति वैन में सरंक्षित पशुओं को लादकर लाया जा रहा है जिससे आशंका है कि पशुओं का वध किया जाएगा। सूचना पर अमल करते हुए टीम बनाई गई। टीम मिलकखानम मार्ग पर वाहनों की चेकिंग में लग गई। इसी दौरान उधर से आई कार की गति तेज करदी। पुलिस ने जब पीछा किया तो चालक व तस्कर कार से कूद कर भगाने लगे। इनके साथ ही बाइक सवार तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। एक गोली तस्कर बबलू को लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर गया जिसे दबोच लिया गया। इसके अलावा तस्कर सूबेदार के बाग की ओर भागे लेकिन पुलिस ने घेराबंदी करते हुए चार और तस्करों को दबोच लिया जबकि एक तस्कर फरार होने में सफल रहा। पुलिस को कार में दो सरंक्षित पशु मिले। तस्करों की तलाशी ली गई तब उनके पास से अवैध तमंचे बरामद हुए।
पुलिस पांचों तस्करों को कोतवाली लेकर पहुंची। पकड़े गए तस्करों में बबलू पुत्र सलीम निवासी अगलगा रोड मोहल्ला रसूलपुर, अजीम पुत्र अली हुसैन उर्फ अलीम निवासी वार्ड 3 शुक्रवार का बाजार थाना केलाखेडा, जिला उधमसिंहनगर, नावेद पुत्र सलीम निवासी अगलगा रोड मोहल्ला रसूलपुर थाना स्वार, सोनू उर्फ जग्गा पुत्र लईक निवासी मोहल्ला काशीपुर थाना स्वार और बाबू पुत्र सलीम निवासी अगलगा रोड स्वार बताए गए हैं। कोतवाल अजय कुमार मिश्रा ने इस संबंध में समुचित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। चार आरोपियों का न्यायालय में चालान कर दिया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। बताया कि बब्बू का मेरठ में उपचार चल रहा है। तीन तमंचे 315 बोर व पांच जिंदा कारतूस एवं दो कारतूस के खोखे, 02 चाकू, एक कार अर्टिगा, 2 मोटर साइकिल और गोवंशीय काटने के हथियार बरामद हुए हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार मिश्रा, अपराध निरीक्षक राकेश कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक केके मिश्रा, उपनिरीक्षक सुरजीत सिंह, हेड कांस्टेबल जुबैर खां, अनिल कुमार, लोकेंद्र शर्मा, शिवा, उदय प्रताप सिह, विवेक कुमार, विकास कुमार, अजयपाल सिह, योगेश कुमार और धर्मेंद्र सिंह शामिल हैं।