रामपुर

Rampur News: गांव में हर घर से 30 रुपये महीना वसूला जा रहा कूड़ा कलेक्शन शुल्क

Connect News 24

रामपुर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले की ओडीएफ प्लस हो चुकीं 36 ग्राम पंचायतों में कूड़ा कलेक्शन शुल्क वसूलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हर घर से कचरा उठाने के लिए प्रतिमाह 30 रुपये लिए जा रहे हैं। कूड़ा एकत्रित करने के लिए हाथ रिक्शा और ई-रिक्शा लगाए गए हैं। कूड़ा एकत्रित कर निस्तारण का काम भी ग्राम पंचायतों में शुरू कर दिया गया है। कूड़ा कलेक्शन शुल्क लेने के बाद बकायदा इसकी रसीद गृह स्वामी को दी जा रही है, ताकि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता न हो। इसके लिए ग्रामीणों को भी जागरूक किया जा रहा है। स्वच्छ गांव की परिकल्पना को साकार करने के लिए गांव को ओडीएफ प्लस और साफ सुंदर बनाने का लक्ष्य निर्धारित है।

चयनित ग्राम पंचायतों में डोर-टू-डोर कचरे के उठाव के लिए सफाई कर्मियों की नियुुक्ति की गई है। जिले में ओडीएफ प्लस हो चुकीं 36 ग्राम पंचायतों में इसकी शुरूआत कर दी गई है। साफ-सफाई सभी गांवों में कराई जा रही है। मगर बाकी गांवों में अभी शुल्क वसूलने की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है।

ठोस व तरल अपशिष्ट का होगा प्रबंधन

स्वच्छ गांव समृद्ध गांव योजना के तहत चिह्नित ग्राम पंचायतों में गलियां साफ-सुथरी होंगी। गांव में ठोस एवं तरल अपशिष्ट का प्रबंधन किया जाएगा। हर घर तक सफाईकर्मी पहुंचेंगे और सीटी बजाकर ठोस और तरल कचरा उठाकर ले जाएंगे। इससे खेती की खराब हो रही उर्वरा शक्ति को भी ताकत मिलेगी।

डीपीआरओ जाहिद हुसैन ने बताया कि 36 ग्राम पंचायताें में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन शुरू किया जा चुका है। कूड़ा कलेक्शन चार्ज के रूप में प्रतिमाह 30 रुपये लिए जा रहे हैं। गृह स्वामी को इसकी रसीद भी दी जा रही है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button