रामपुर

Rampur News: ट्रांसफार्मरों में फाल्ट के कारण 15 घंटे ठप रही आधे शहर की बिजली

Connect News 24

बिलासपुर। भीषण गर्मी और ओवरलोडिंग की वजह से नगर के मोहल्ला पंजाबी कॉलोनी व भट्टीटोला ट्रांसफार्मरों में फाल्ट हो गया। जिसके कारण आधे शहर की विद्युत आपूर्ति 15 घंटे ठप रही। विद्युत आपूर्ति ठप होने की वजह से उपभोक्ता भीषण गर्मी में बेहद परेशान रहे।

उपभोक्ताओं के अनुसार बृहस्पतिवार की रात करीब 1:00 बजे अचानक नगर के मोहल्ला पंजाबी कालोनी शांति कालोनी, भट्टी टोला, कायस्थान, साहूकारा, शीरीमिया समेत आधे शहर की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। उपभोक्ताओं ने मोहल्ला पंजाबी कालोनी व मोहल्ला भट्टी टोला के ट्रांसफार्मर में फाल्ट होने की शिकायत विद्युत उप केंद्र के कर्मियों को बताई। रात में ही बिजली विभाग की टीम अवर अभियंता शील कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और फाल्टों का निरीक्षण किया।

विद्युत कर्मियों ने रात में ही फाल्टों को ठीक करना शुरू कर दिया, मगर ओवरलोड अधिक होने की वजह से कुछ ही देर में बिजली की लाइनों में फिर फाल्ट हो गया। इसके बाद पूरी रात आपूर्ति ठप रही। पूरे दिन बिजली कर्मी दोनों ट्रांसफार्मरों को ठीक करते रहे। शाम करीब 4:00 बजे बिजली की आपूर्ति सुचारू की गई। इस दौरान भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं ने भारी परेशानी होने की बात बताई। उपभोक्ताओं का कहना था कि बिजली विभाग पुराने जर्जर तारों पर ही बिजली व्यवस्था सुचारू किए हुए हैं। जबकि, नगर में विद्युत की आपूर्ति की मांग अधिक है ऐसे में नए तार डाले जाने चाहिए।

कुआं खेड़ा बिजलीघर में आई तकनीकी खराबी की वजह से बृहस्पतिवार की रात करीब 3:00 बजे विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। पूरे दिन बिजलीघर से जुड़े करीब 70 से अधिक गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप रही। जिसके कारण लोग बेहद परेशान रहे। वहीं, मोहल्ला भट्टी टोला के लोगों ने बिजलीघर पहुंच कर विद्युत आपूर्ति सुचारू करने की मांग को लेकर एक ज्ञापन उपखंड अधिकारी विद्युत को दिया और मोहल्ला भट्टी टोला में बड़ा ट्रांसफार्मर रखवाए जाने की मांग की। एसडीओ प्रदीप प्रसाद गुप्ता ने बताया कि ओवरलोडिंग के कारण बिजली के ट्रांसफार्मरों में फाल्ट हो गया था, जिन्हें ठीक कर दिया गया है और पूरे नगर की आपूर्ति सुचारू कर दी गई है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button