Rampur News: हेल्थ एटीएम हुआ चालू, होने लगी शुगर व खून की जांच
रामपुर। जिला अस्पताल में खराब पड़े हेल्थ एटीएम को बृहस्पतिवार को चालू करा दिया गया है। डीएम की सख्ती के बाद स्वास्थ्य विभाग एक्टिव हुआ और फिर इसे शुरू करा दिया। अब वहां पर मरीज की खून, शुगर, वजन, मोटापा और बीपी आदि प्रमुख जांचें की जाने लगी हैं।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लगा हेल्थ एटीएम बीते एक माह से सॉफ्टवेयर में दिक्कत आने की वजह से खराब पड़ा हुआ था। इसलिए वहां पर बैठने वाले कर्मचारी मैन्युअल रूप से मरीजों की शुगर, बीपी की जांच कर रहे थे। अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया तो प्रशासन हरकत में आ गया।
डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने खबर का संज्ञान लेते हुए सीएमओ डॉ. एसपी सिंह व जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एचके मित्रा से बात कर हेल्थ एटीएम की स्थिति के बारे में पता किया। इसके बाद बृहस्पतिवार को हेल्थ एटीएम की तकनीकी समस्या दूर करते हुए चालू कराया गया है। अब वहां मरीजों की शुगर, बीपी, खून, वजन आदि की की जांचें होने लगी हैं।
सीएमएस ने बताया मशीन पर सामान्य जांच शुरू कर दी गई है। लिपिड प्रोफाइल, यूरिक एसिड और हीमोग्लोबिन की जांच के लिए किट खरीदने के लिए आर्डर कर दिया है। साथ ही मशीन की क्रियाशीलता बनाए रखने के लिए 27 नवंबर को दोबारा इसकी जांच कराते हुए मेंटेनेंस कराई जाएगी।
जिला अस्पताल के हेल्थ एटीएम को चालू करा दिया गया है। यहां जो समस्या थी उसे दूर कराया गया है। साथ ही लिपिड प्रोफाइल, यूरिक एसिड और हीमोग्लोबिन की जांच के लिए किट खरीदने के लिए आर्डर कर दिया है। सभी हेल्थ एटीएम को चालू रखने के लिए सीएमओ को आदेश दिए गए हैं। इस मामले में लापरवाही पर कार्रवाई होगी।
रविंद्र कुमार मांदड़, जिलाधिकारी