Rampur News: दीवानी न्यायालय में हेल्प डेस्क स्थापित
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Sun, 13 Aug 2023 12:04 AM IST
रामपुर। हाईकोर्ट के प्रशासनिक न्यायमूर्ति आलोक माथुर ने रामपुर पहुंचकर दीवानी मामलों से संबंधित जानकारी के लिए हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया। इस दौरान वादकारियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण कराने की भी बात कही। उनकी देखरेख में एनआई एक्ट के वादों को निपटारे के लिए विशेष लोक अदालत भी लगाई गई,जिसमें 15 वादों को निपटाया गया।
हाईकोर्ट के प्रशासनिक न्यायमूर्ति आलोक माथुर शनिवार को रामपुर पहुंचे,जहां उनका जिला जज अचल सचदेव ने स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने दीवानी न्यायालय से संबंधित वादों में सहायता के लिए हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया। साथ ही उन्होंने दीवानी न्यायालय परिसर में दीप प्रज्वलित कर एनआई एक्ट के वादों के निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत का शुभारंभ किया। विशेष लोक अदालत में अपर सिविल जज (प्रवर वर्ग) प्रथम द्वारा एनआई एक्ट का एक वाद निस्तारित किया। इसके साथ ही अपर सिविल जज (प्रवर वर्ग) द्वितीय द्वारा दो वादों का निस्तारण किया। अपर सिविल जज(अवर वर्ग) प्रथम द्वारा चार वादों का निस्तारण किया। अपर सिविल जज (अवर वर्ग) द्वितीय द्वारा तीन वादों का निस्तारण किया। अपर सिविल जज (अवर वर्ग) तृतीय द्वारा एक वाद का निस्तारण किया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा एक वाद निपटाया। सिविल जज(अवर वर्ग) एफटीसी द्वारा दो वादों का निस्तारण किया। इस दौरान 15 वादों का निस्तारण किया गया। इस मौके पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम लाल, महासचिव अशोक पिप्पल, प्राधिकरण की सचिव रश्मि रानी मौजूद रहीं।