Rampur News: सींगनखेड़ा स्टेडियम में जल्द खेलते नजर आएंगे हॉकी खिलाड़ी
रामपुर। 75 करोड़ की लागत से बने सींगनखेड़ा स्थित एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम पर जल्द ही खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे। स्टेडियम की फुंकी हुई मोटर को सही करने के लिए शुक्रवार को दिल्ली से इंजीनियरों की टीम पहुंची। उन्होंने मोटर को चेक किया। जल्द ही मोटर की कमी को दूर कर दिया जाएगा, जिसके बाद एस्ट्रोटर्फ पर पानी डालने की व्यवस्था हो जाएगी। इसके बाद नियमित खेल हो सकेंगे। रामपुर में दो एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान होने के बावजूद खिलाड़ी घास के मैदान पर खेलने को मजबूर हैं। इसका कारण सींगनखेड़ा का हॉकी स्टेडियम मोटर फुंके होने के कारण बंद पड़ा है। वहीं जुल्फिकार अली स्टेडियम की एस्ट्रोटर्फ खराब हो चुकी है। उसकी मरम्मत चल रही है। इस बात को प्रमुखता से उठाते हुए बीते दिनों अमर उजाला ने लगातार खबरें प्रकाशित की थीं। जिसके बाद प्रशासन के साथ शहर विधायक आकाश सक्सेना ने सींगनखेड़ा इसको खुलवाकर निरीक्षण किया था और इसमें आ रही कमी को बारीकी से देखा था। साथ ही खेल विभाग को कमियों को दूरकर स्टेडियम खोलने के निर्देश दिए थे। इस स्टेडियम में 20 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता है।
इसके बाद सक्रिय हुए खेल विभाग ने दिल्ली से इंजीनियरों की टीम बुलाई। टीम ने स्टेडियम पहुंचकर फुंकी हुई मोटर देखी और जल्द ही कमी दूर करने की बात कही। जिला क्रीड़ाधिकारी गदाधर बारीकी ने बताया कि इंजीनियरों ने मोटर की कमी देख ली है। जल्द ही इसको ठीक करा लिया जाएगा। इसके बाद स्टेडियम के मैदान पर हॉकी खिलाड़ी खेलना शुरू कर देंगे।