Rampur News: धमोरा में सील हुआ अवैध अस्पताल
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Sat, 12 Aug 2023 01:07 AM IST
रामपुर। जिले भर में निजी अस्पतालों का मकड़जाल फैला हुआ है। इनमें अप्रशिक्षित डॉक्टर मरीज की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। ऐसे अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। तीन अस्पताल सील हुए हैं।
मिलक के मैक्स केयर हॉस्पिटल में बृहस्पतिवार को एक नवजात की मौत हो गई थी। जिसके बाद परिजनों ने वहां काफी देर तक हंगामा किया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वहां पहुंचकर हॉस्पिटल को सील कर दिया है। इससे पहले टांडा में अलिफ हॉस्पिटल को सील किया जा चुका है। वही, शुक्रवार को धमोरा में बिना पंजीकरण संचालित हो रहे आरके अस्पताल को सील करते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तीनों अस्पतालों के संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। नोडल अधिकारी डॉ. केके चहल ने बताया कि किसी भी दशा में बिना पंजीकरण के अस्पताल, नर्सिंग होम का संचालन नहीं होगा।
जिले में 180 अस्पताल, नर्सिंग होम का है पंजीकरण
पिछले वर्ष 2022 में जिले में 188 निजी अस्पताल, नर्सिंग होम व क्लीनिक पंजीकृत थे। इस वर्ष इनकी संख्या 180 पहुंच गई है। अप्रैल माह में अस्पतालों का नवीनीकरण किया गया था। इसमें करीब 25 अस्पतालों ने नवीनीकरण नहीं कराया। जिसके बाद विभाग ने इनको नोटिस दिए। इसमें कई अस्पताल बंद हो गए तो कई अस्पताल बिना नवीनीकरण के ही जिले में संचालित हो रहे हैं।

