Rampur News: माटखेड़ा में स्कूल टीचर ने मासूम छात्र को बेरहमी से पीटा, घायल
मिलकखानम। मिलकखानम थाना क्षेत्र अंतर्गत माटखेड़ा स्थित सीबीएसई स्कूल की टीचर द्वार कक्षा एक के छात्र की बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। बच्चा जब जख्मी हालत में घर पहुंचा तब परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे जहां टीचर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की तहरीर देदी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के शादीनगर हजीरा गांव निवासी अजय कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उसका छह वर्षीय बेटा कृष्णा माटखेड़ा स्थित एक पब्लिक स्कूल में पढ़ता है। वह सोमवार को अपनी बड़ी बहन के साथ स्कूल गया था जब वापस आया तो कृष्णा का गाल जख्मी था और उसमें से लहु निकल रहा था। बेटे ने रोते हुए बताया कि इंग्लिश टीचर ने उसे बुरी तरह से पीटा है। जब उसकी बड़ी बहन ने उसकी हालत देखी तब वह उसे लेकर प्रिंसिपल के पास पहुंची। शिकायत करने पर उन्होंने उसकी शिकायत को अनसुना करते हुए घर भेज दिया। बाद में जब वह खुद स्कूल पहुंचा तो प्रिंसिपल ने बात करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि उनके साथ बर्ताव भी गलत रहा।
शिकायतकर्ता ने मिलकखानम थानाध्यक्ष से इस मामले में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष केके मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिली है जांच के बाद समुचित कार्रवाई की जाएगी।

