Rampur News: पशु को बचाने में अनियंत्रित होकर पलटी कार, हेड कांस्टेबल समेत छह घायल
धमोरा (रामपुर)। शहजादनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह 10 बजे रामपुर से बरेली की ओर जा रही एक कार सड़क पर अचानक आए पशु को बचाने में अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। इसमें हरदोई के थाना देहात कोतवाली के गांव महुईपुरी निवासी यातायात पुलिस के हेड कांस्टेबल विनीत पांडेय (35), पत्नी कीर्ति (32),भांजा रुकेश (20), भाई हरिओम (30), बेटी आरोही (7) और बेटा तन्हा (4) घायल हो गए। घटना के समय विनीत ही कार चला रहे थे।
हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। विनीत अपने परिवार के साथ हरिद्वार गए थे। वहां से वापस लौटते समय धमोरा में बाइपास पर हादसा हुआ। गनीमत रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। विनीत वर्तमान में बाराबंकी जिले में तैनात हैं। धमोरा चौकी इंचार्ज राजीव कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई थी। पशु के अचानक सामने आने के चलते हादसा हो गया। घायलों के परिजनों को भी सूचना दे दी गई।