Rampur News: रामपुर में देवरानी-जेठानी और नई दुल्हन के बीच कांटे की टक्कर
रामपु्र। निकाय चुनाव के मतदान संपन्न होने के बाद अब जीत-हार को लेकर कयास लगाए लगे हैं। मतदाताओं के रुझान के आधार पर लोग ऐसा मान रहे हैं कि रामपुर में पालिकाध्यक्ष के पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबला है। मुकाबला देवरानी-जेठानी और नई दुल्हन के बीच माना जा रहा है। अध्यक्ष पद का ताज इनमें से किसी के सिर पर सज सकता है।
रामपुर पालिकाध्यक्ष का पद महिला के लिए आरक्षित है। चुनावी मैदान में सपा से निवर्तमान पालिकाध्यक्ष फात्मा जबीं, भाजपा से डॉ. मसर्रत मुजीब, आम आदमी पार्टी (आप) से सना खानम, कांग्रेस से सीमा अरशद और बसपा से राफिया सैफी सहित 10 प्रत्याशी मैदान में उतरे। इन प्रत्याशियों में से फात्मा जबीं और डॉ. मसर्रत मुजीब आपस में देवरानी-जेठानी हैं। वहीं सना खानम ने निकाह होने के अगले दिन आप की प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया था। बृहस्पतिवार को मतदान शुरू हुआ तो पुराने शहर के अंदर के बूथों पर साइकिल और झाड़ू चलनी शुरू हो गई। कई बूथों पर कमल भी खिला। कमल को अधिक बढ़त सिविल लाइंस और ज्वालानगर के बूथों पर मिली है। वैसे तो सभी प्रत्याशी अपनी जीत के दावे कर रहे हैं, लेकिन राजनीति के जानकारों का मानना है कि मुकाबला देवरानी-जेठानी और नई दुल्हन के बीच है।