Rampur News: रफत स्कूल और जिला पंचायत मतदान केंद्र पर हंगामा
रामपुर। निकाय चुनाव में जहां नगर पालिका अध्यक्ष पद को लेकर प्रत्याशियों में कांटे की टक्कर रही वहीं, दूसरी ओर सभासद प्रत्याशियों ने भी जीत के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी। जिला पंचायत कार्यालय में बनाए गए मतदान और रफत स्कूल में फर्जी वोटिंग का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा हुआ। उधर, अंजुमन इस्लाहे स्कूल पर बनाए गए मतदान केंद्र पर एक निर्दलीय प्रत्याशी के साथ मारपीट कर दी गई। सूचना पाकर पहुंचे अधिकारियों ने मामला शांत किया।
निकाय को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस ने पुख्ता बंदोबस्त किए थे। पुलिस की सख्ती के कारण जनपद में कहीं कोई हिंसक घटना नहीं हुई। गंज क्षेत्र के शमशी स्कूल में फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए प्रत्याशियों के समर्थक भिड़ गए और उनमें मारपीट हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने उन्हें शांत किया। इस दौरान कई लोगों को पुलिस पकड़कर थाने ले गई। उधर, ज्वालानगर स्थित रफत स्कूल और जिला पंचायत कार्यालय में बनाए गए मतदान केंद्र पर भी सभासद प्रत्याशियों ने एक दूसरे पर फर्जी वोटिंग का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। इस दौरान मतदान केंद्र के बाहर सभासद प्रत्याशी समर्थक महिलाओं ने भी हंगामा किया। उधर, एक निर्दलीय प्रत्याशी के साथ कुछ लोगों ने फर्जी वोट डालने का विरोध करने पर मारपीट कर दी। निर्दलीय प्रत्याशी ने सपा प्रत्याशी पर मारपीट का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने कई लोगों को यहां से हिरासत में ले लिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे आला पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें शांत किया। रफत स्कूल में भी फर्जी वोटिंग की सूचना पर अधिकारी पहुंचे और मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने किसी भी बूथ पर फर्जी वोटिंग नहीं होने का दावा किया है।