रामपुर

Rampur News: हाईवे पर कांवड़ियों की बढ़ी भीड़, बदले मार्ग से गुजरे भारी वाहन

Connect News 24

रामपुर। जिले में भक्ति और आस्था के पावन महीने सावन में सड़कों पर आस्था का सैलाब दिख रहा है। सड़कों पर कांवड़ियों की भीड़ बढ़ गई है। इसके चलते शुक्रवार रात आठ बजे से ही हाईवे रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया था। शनिवार को भारी वाहन बदले मार्ग से निकले। हाईवे की एक लेन से कांवड़िये और दूसरे लेन से रोडवेज बसें, कार और हल्के वाहन गुजारे गए।

जिले भर से कांवड़िये हरिद्वार, ब्रजघाट से जल लेकर लौटने लगे हैं तो वहीं अन्य जिलों के कांवड़िये जल लेकर हाईवे पर बम भोले के जयकारे लगाते हुए गुजर रहे हैं। कांवड़ियों के लिए पुलिस प्रशासन ने हाईवे पर जगह-जगह पर रुकने की व्यवस्था की है। जीरो प्वाइंट, अजीतपुर बाईपास और शहजादनगर बाईपास पर कांवड़िया सहायता शिविर लगाए गए हैं। शनिवार को इन शिविरों में कांवड़ियों के जलपान की व्यवस्था की गई। शहर में रोडवेज बस स्टैंड पर भी कांवड़ियों के रुकने व ठहरने की व्यवस्था है। शनिवार को यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन का भी सख्ती से पालन कराया। हाईवे पर बड़े वाहनों को गुजरने की अनुमति नहीं दी गई। वहीं मंदिरों में भी सावन के चौथे सोमवार को लेकर विशेष तैयारियां चल रही हैं।

इन रूटों से गुजरे बड़े वाहन

-बरेली से दिल्ली को जाने वाले भारी वाहन आंवला, शाहबाद, बिलारी, चंदौसी, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर होकर दिल्ली को गुजारे गए।

-मीरगंज व अन्य मार्गों से दिल्ली जाने वाले वाहनों को तीन बत्ती तिराहा थाना मिलक से पटवाई, शाहबाद, बिलारी, नरौरा होते हुए दिल्ली को गुजारे गए।

-रुद्रपुर से वाया रामपुर होते हुए दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को जौहर पुलिया थाना गंज से बाईपास जीरो प्वाइंट शहजादनगर से अजीतपुर बाईपास पुल की साइड से शाहबाद होते हुए बिलारी, चंदौसी, बबराला, बुलंदशहर होकर दिल्ली भेजा गया।

-रामपुर से मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहन शाहबाद, बिलारी होकर गुजारे जाएंगे। इसी प्रकार मुरादाबाद से रामपुर आने वाले भारी वाहनों को बिलारी से शाहबाद होकर भेजा गया।

-बरेली जाने वाले भारी वाहनों को शाहबाद से आंवला, अलीगंज होते हुए गुजारा जाएगा। हल्द्वानी रुद्रपुर से आने वाले भारी वाहन बिलासपुर गेट से होकर गुजरे। रामपुर से हल्द्वानी-रुद्रपुर की तरफ जाने वाले वाहन इसी रूट से होकर गुजरे।

-हापुड़, मेरठ, गढ़ की ओर से रामपुर आने वाले भारी वाहनों को गढ़ चौपला जनपद हापुड़ से डायवर्ट कर बुलंदशहर, नरौरा, बबराला, चंदौसी, बिलारी, शाहबाद होते हुए रामपुर भेजा गया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button