Rampur News: भारत सरकार और यूएनओ इस्राइल-फलस्तीन के बीच करें मध्यस्थता
रामपुर। इस्राइल और फलस्तीन के बीच चल रहे युद्ध को लेकर जामा मस्जिद में अमन और भाईचारे की दुआ कराई गई। साथ ही युद्ध में मारे जा रहे लोगों की मगफिरत की दुआ कराई गई। इस दौरान नायब इमाम मौलवी फैजान खां ने कहा कि भारत सरकार और यूएनओ (संयुक्त राष्ट्र संघ) दोनों देशों के बीच समझौता कराकर अमन चैन कायम कराए।जुमे की नमाज से पहले खिताब करते हुए नायब इमाम मौलवी फैजान खां ने कहा कि मस्जिद अल्लाह का घर है। इसका ऐतराम करें। कुछ लोग नमाज का सलाम फेरकर चले जाते हैं। दुआ में शामिल नहीं होते हैं, जो गलत है। मौलवी फैजान खां ने फलस्तीन और इजरायल के बीच चल रही जंग पर कहा कि इसमें जल्द से जल्द समझौता कराया जाए। कहा कि जंग किसी मसले का हल नहीं है। जामा मस्जिद से हमेशा अमन का पैगाम जाता रहा है। बाद में देश में अमन और भाईचारे की दुआ करायी गई। जुमे की नमाज के दौरान जामा मस्जिद के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
:::::::::::::
भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें : शहर काजी
रामपुर। शहर काजी सैयद खुशनूद मियां ने इस्राइल व फलस्तीन के बीच मध्य चल रहे युद्ध को लेकर जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है। कहा कि दोनों देशों के बीच हो रही युद्ध को लेकर किसी अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें। इससे संबंधित किसी भी खबर को सोशल मीडिया पर डालें। सभी से अपील करते हुए कहा कि कोई भी ऐसा काम न करें, जिससे कानून-व्यवस्था खराब हो। साथ ही कोई भी धार्मिक और आपत्तिजनक टिप्पणी न करें।