रामपुर

Rampur News: दो संप्रदायों के प्रेमी युगल के मामले में युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश

Connect News 24

रामपुर। थाना अजीमनगर क्षेत्र की मुस्लिम युवती की मिलकखानम थाना क्षेत्र के हिंदू युवक से शादी रचाने की जिद फिलहाल खटाई में पड़ गई है। युवती को शुक्रवार के दिन फिर से एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया जहां एसडीएम ने इस प्रकरण में युवक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दे दिए हैं। पुलिस ने युवती को फिलहाल महिला संरक्षण केंद्र भेज दिया है जबकि युवक से मिलकखानम पुलिस पूताछछ कर रही है। इस बीच युवती के पिता की ओर से पुलिस को तहरीर दे दी गई है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। थाना मिलकखानम अंतर्गत एक गांव निवासी युवक थाना अजीममनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में झोलाछाप के यहां कंपाउंडरी करता था। यहां रहते हुए गांव की मुस्लिम युवती से उसकी आंख लड़ गई। इनके बीच प्रेम संबंध हो गए और मोबाइल पर बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। इस प्रेम कहानी की जानकारी जब युवती के परिजन को हुई तो उन्होंने विरोध किया और युवती की पहरेदारी शुरू कर दी। बृहस्पतिवार के दिन मौका पाकर घर से निकल गई। वह अपने प्रेमी के घर पहुंची। युवती ने प्रेमी के साथ शादी कराने की जिद पकड़ ली। उसकी बातें सुनकर युवक और उसके परिजन सन्न रह गए।

युवक के परिजन युवती और युवक को मिलकखानम थाने पहुंचे। थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने भी युवती को समझाने की कोशिश की लेकिन कोई असर नहीं हुआ जिसके चलते उसे एसडीएम स्वार के यहां पेश किया गया था। एसडीएम ने युवती के व्यस्क अथवा अव्यस्क होने के प्रमाण के संबंधत में शैक्षिक अभिलेख लाने को कहा था। पुलिस ने युवती को महिला संरक्षण केंद्र भेज दिया था। शुक्रवार को पुलिस ने युवती को फिर से एसडीएम न्यायालय में पेश किया लेकिन एसडीएम ने थानाध्यक्ष को निर्देशित किया कि इस प्रकरण में वह रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करे। इसके चलते पुलिस फिर से वापस चली गई। युवती को आज भी महिला संरक्षण केंद्र भेज दिया गया।

उधर, युवती के पिता ने युवक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है कि उसकी बेटी को गैर संप्रदाय का युवक अपहरण करके ले गया है। अभी तक पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। थाना अध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि युवती को महिला संरक्षण केंद्र में भेजा गया है जबकि युवक से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद समुचित कार्रवाई की जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button