Rampur News: कुत्ते के पनीर का पानी पीते वीडियो वायरल होने के बाद खाद्य विभाग ने डेयरी से भरे नमूने
रामपुर। सोशल मीडिया पर फेमस डेयरी के बाहर भगौने में कुत्ते द्वारा पनीर का पानी पीने की वीडियो वायरल होने के बाद डीएम के निर्देश पर शुक्रवार को खाद्य विभाग ने डेयरी पर पहुंचकर पूछताछ की। सहायक खाद्य आयुक्त सुनील कुमार शर्मा ने डेयरी समेत तीन दुकानों पर पहुंचकर नमूने भरे। जिनको लैब में परीक्षण के लिए भेजा गया है।
अभियान के तहत रामपुर में नगर पालिका के निकट स्थित फेमस डेयरी से पनीर व दूध का एक-एक नमूना लिया गया। डेयरी के मालिक ताहिर अली से वीडियो वायरल होने के संंबंध में पूछताछ की गयी। मौके पर दूध व पनीर के नमूनों को नियमानुसार सील कर जांच हेतु खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया। संबंधित डेयरी स्वामी को नोटिस जारी किया जा रहा है। इस दौरान नगर पालिका के पास स्थित मुमताज स्वीट से छेना मिठाई का एक नमूना लिया गया। इसी तरह विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल तीन नमूने संग्रहीत करके जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मिलावट की प्रकृति के अनुरूप सुसंगत धाराओं में वाद दर्ज किए जायेंगे। सचल दल में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह कुशवाहा, रामप्रताप, अशोक कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अज़रा बी आदि मौजूद रहे।