Rampur News: पुलिस लाइन में भी हुआ जन्माष्टमी कार्यक्रम, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
रामपुर। पुलिस लाइन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। साज-सुरों के साथ एक से बढ़कर एक गीतों से अनोखी छटा बिखेरी। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कृष्ण की बाल लीलाओं को बेहद खूबसूरती के साथ दिखाया। इस दौरान श्याम भजनों पर हर कोई राधा-कृष्ण के जयकारे लगाने को मजबूर हो गया। रात 12 बजते ही श्रीकृष्ण जन्म के साथ एसपी अशोक शुक्ला ने पुलिस लाइन परिवार के साथ आरती पाठ किया और देर रात तक गीत संगीत का सिलसिला चलता रहा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हर जगह धूम रही। रामपुर पुलिस लाइन में भी कार्यक्रम हुए। शाम आठ बजे से एसपी अशोक कुमार शुक्ला ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके साथ ही नन्हे-मुन्ने कन्हैया जगह-जगह दिखाई दिए। बाल स्वरूपों की झांकी बेहद मनमोहक लग रही थी। इस दौरान भक्तों ने यहां पहुंचकर अपने बाल स्वरूपों को माखन, मिश्री और दही का सेवन कराया और पांव छूकर आशीर्वाद लिया। गणेश वंदना के साथ ही प्रस्तुतियां शुरू हुई। पुलिस लाइन के बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।
श्यामा आन मिलो वृंदावन में., मेरी उमर बीत गई गोकुल में…, यशोमती मैया से बोले नंदलाला, राधा क्यों गोरी मैं क्यूं काला…, मैया मोरी मैं नहीं माखन खायो…जैसे गीतों ने समा बांध दिया। हर कोई कृष्ण भक्ति में खो गया। एक के बाद एक प्रस्तुतियों ने अनोखी छटा बिखेरी। इन प्रस्तुतियों के बीच ठीक 12 बजे एसपी अशोक कुमार शुक्ला, एएसपी डॉ. संसार सिंह और क्षेत्राधिकारी अतुल कुमार पांडेय के साथ तमाम पुलिस लाइन कर्मियों और परिवारों ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी को पूजन-अर्चन किया और जोरदार जयकारे लगाए गए। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया।