Rampur News: बंद मकान का ताला तोड़कर जेवर और नकदी चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Sun, 10 Dec 2023 01:33 AM IST
मिलक। नगर के मोहल्ला पटेलनगर निवासी सुशील कुमार के घर का शुक्रवार की रात चोर ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर के मोहल्ला पटेलनगर निवासी सुशील कुमार शुक्रवार को परिवार के साथ क्षेत्र के गांव गहलुईया में रिश्तेदारी में गया था। रात में चोर गेट का ताला तोड़कर घर में घुस आए और सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। शनिवार की सुबह परिवार के लोग घर पहुंचे तो घर का ताला टूटा था। कमरे में पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा था और जेवर व 2.78 लाख रुपये गायब थे। पीड़ित की सूचना पर पुलिस पहुंची और जांच की। कोतवाली प्रभारी अनुपम शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर जांच की जा रही है। वहीं दूसरी ओर मोहल्ला रोरा खुद निवासी अधिवक्ता योगेश कुमार बंसल ने भी कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार की रात चोर रोरा खुर्द स्थित उनके कार्यालय में घुस आए। रुपये व कीमती सामान न मिलने पर चोर सामान बिखेर गए।