Rampur News: रजिस्ट्रार कानूनगो की मनमानी के खिलाफ हड़ताल पर रहे वकील
रामपुर। टांडा तहसील में तैनात रजिस्ट्रार कानूनगो (आरके) की मनमानी के खिलाफ सोमवार को अधिवक्ताओं ने काम नहीं किया। हड़ताल के साथ ही अधिवक्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की।
सोमवार को बार वेलफेयर एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ता हड़ताल पर रहे। एसोसिएशन के महासचिव अब्दुल माजिद सैफी के नेतृत्व में अधिवक्तओं ने एसडीएम अरुण कुमार को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि कई माह से तहसील में तैनात रजिस्ट्रार कानूनगो द्वारा दाखिल खारिज का कार्य नहीं किया जा रहा है। बहुत से परवाने उनके कार्यालय से गायब हो गए हैं। जानकारी करने पर अधिवक्ताओं के साथ कानूनगो गलत व्यवहार करते हैं। समाधान दिवस में डीएम से शिकायत की गई थी तो उन्होंने आरके का स्थानांतरण करने तथा जांच करने के आदेश दिए थे, लेकिन उसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
वही तहसीलदार और नायब तहसीलदार के न्यायालयों में भी दाखिल खारिज नहीं हो रहा है। एसडीएम के कोर्ट में वादों का निस्तारण कई माह से लंबित है। इससे नाराज अधिवक्तओं ने दो दिन तक न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लेते हुए हड़ताल घोषित कर दी। इस दौरान अनिल कुमार भारद्वाज, राजकुमार चौहान, प्रथी सिंह, फारूख सैफी, खुर्शीद आलम, आदि समेत अन्य लोग मौजूद रहे।