Rampur News: जंगल में किसान-मजदूरों को तेंदुआ दिखा, दहशत
स्वार। क्षेत्र के खादर स्थित जंगल में सोमवार की शाम तेंदुआ दिखाई देने से दहशत बनी हुई है। कोसी के खादर में स्थित एक स्टोन क्रशर के आसपास तेंदुआ देखा गया जिसे देखकर किसान और मजदूरों की घिग्घी बंध गई और वह वहां से दबे पांव भाग निकले। तेंदुए से सतर्कता बरतने के लिए गांव की मस्जिदों में उद्घोषणाएं कराना पड़ी हैं। इस बीच ग्रामीणों द्वारा वन विभाग को सूचना भी दे दी गई है।
कोतवाली स्वार क्षेत्र के अलीनगर उत्तरी, अलीनगर जागीर, जालफनगला और मटखन्ना गांवों की पश्चिमी दिशा में कोसी का तटवर्तीय जंगल है। सोमवार की शाम जंगल में काम कर रहे मजदूरों और किसानों को तेंदुआ घूमता हुआ दिखाई दिया। किसान इस्लाम, जफर, अय्यूब शाह, मकसूद अली, सफदर अली और हिफ्जे अली आदि किसानों का कहना है कि वह गन्ने को पानी लगाने के लिए गए थे तभी खेत से तेेंदुआ बाहर निकला। इससे पहले कि वह उन्हें देख पाता उनकी सांसें अटक गईं और दबे पांव वहां से भाग निकले।
ग्रामीणों ने गांव पहुंच कर तेंदुआ दिखाई देने की जानकारी दी। ग्रामीणों ने इसी जंगल में स्थित स्टोन क्रशर संचालक जुल्फिकार अली को जानकारी दी। वहां सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं जिसके चलते जब फुटेज देखी गई तब वास्तव में तेंदुआ चहलकदमी करते हुआ देखा गया। जुल्फिकार अली ने बताया कि क्रशर बंद है लेकिन वहां तैनात चौकीदार भी डर से भाग खड़ा हुआ है। इस बीच ग्रामीणों ने गांवों की मस्जिदों से ऐलान कराया गया कि खेतों पर अकेले न जाएं और बच्चों को जंगल न भेजें।
इसके चलते मंगलवार को आसपास के किसान अपने खेतों पर सिंचाई इत्यादि कार्य से भी जंगल नहीं गए। तेंदुए के घूमने का वीडियो भी वायरल हो रहा है। ग्रामीणों द्वारा एसडीएम स्वार सचिन राजपूत को सूचना दी गई तब उन्होंने वन विभाग के रेंजर को जानकारी देने के साथ ही आवश्यक निदेश भी दिए। वन विभाग की टीम ने जंगल का दौरा भी किया। टीम में वन दरोगा शील कुमार और सोमपाल आदि रहे।

