Rampur News: मोचा चक्रवात पर मौसम विभाग का अलर्ट
रामपुर। सोमवार को भी जनपद में बूंदाबांदी हुई। सुबह के समय बारिश होने से मौसम ठंडा हुआ। दोपहर में धूप निकली तो फिर गर्मी हो गई। शाम को बादल छा गए। इधर, मौसम विभाग ने मोचा चक्रवात को लेकर अलर्ट जारी किया है। 9 व 10 मई को इसके आने की संभावना जताई है।
रविवार को बूंदाबांदी के बाद रात में बारिश हुई। सुबह 6 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश हो गई। इस दौरान आसमान में बादलों की काली घटा छाई हुई थी। बारिश से सड़कें जलमग्न हुई और सुबह में दिनचर्या भी प्रभावित हुई। हालांकि दोपहर में बादल छंटे और धूप खिल गई। इससे गर्मी का अहसास हुआ। दिन में लोगों को सर्दी और गर्मी दोनों का अहसास हुआ। दिन का अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह के अनुसार बंगाल की खाड़ी से शुरू हुए इस चक्रवाती तूफान का असर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों को देखने को मिलेगा। रामपुर में मंगलवार व बुधवार को यह तूफान अपना असर दिखा सकता है। इसके आसार बन रहे हैं। इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी और बारिश हो सकती है। इसलिए लोगों को अलर्ट रहना होगा।

