Rampur News: चार घंटे की विधायक ने सुनी लोगों की फरियाद
रामपुर। चार घंटे की विधायक ने लोगों समस्याओं को सुना। जल भराव, राशनकार्ड, मुकदमे, बिजली और रास्ते की समस्या के लिए अधिकारियों को फोन कर निस्तारण के आदेश दिए। साथ ही उन्होंने शहर में पार्किंग व्यवस्था, बेहतर जल निकासी और पेयजल आपूर्ति के लिए सुझाव भी दिए। विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए हैं।
सीबीएसई इंटर की जिला टॉपर भोट भक्काल निवासी शंकरलाल सैनी की पुत्री सुनैना सैनी को शहर विधायक आकाश सक्सेना ने रविवार को एक दिन का विधायक बनाया। रविवार को 12 बजे सुनैना भाजपा के कैंप कार्यालय पर पहुंची। फरियादियों से मुलाकात के दौरान मिलक तहसील क्षेत्र के एक किसान ने जमीन पर कब्जे की शिकायत की। जिस पर विधायक सुनैना ने एडीएम को फोन कर जमीन पर कब्जामुक्त कराने को कहा। 12 से चार बजे तक सुनैना विधायक रही।
शिव विहार निवासी वीरवती ने राशन कार्ड न होने की समस्या रखीं। अजीतपुर निवासी रेनू ने भी राशन कार्ड की समस्या रखी। सुनैना ने जिला पूर्ति अधिकारी को फोन कर निस्तारण कराने को कहा। फरियादी जयश्री ने शिकायत की थी कि उनके मुकदमे में पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। सुनैना ने सिविल लाइंस इंस्पेक्टर को फोन कर शिकायत दूर करने के निर्देश दिए। सिविल लाइंस निवासी हीरा सिंह रास्ते की समस्या को लेकर आए। सुनैना ने जिम्मेदार अफसरों से वार्ता कर समस्या का त्वरित निस्तारण कराया। जबकि मिलक के भोजीपुरा निवासी धर्मेंद्र जमीन पर कब्जा करने का मामला सामने आया तो सुनैना ने संबंधित थाने में फोन कर अवगत कराया और जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। टिकटगंज निवासी हरमान सिंह यादव बिजली न आने की समस्या को रखा, जिसका सुनैना ने निस्तारण कराया। इसके अलावा अन्य समस्याओं पर भी अधिकारियों को निर्देश दिए।



