Rampur News: विधायक ने गृहमंत्री के सामने उठाया सींगनखेड़ा स्टेडियम खुलवाने का मुद्दा
रामपुर। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने बृहस्पतिवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के सामने बंद पड़े सींगनखेड़ा स्टेडियम को खुलवाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने स्टेडियम के साथ ही ज्वाला नगर में राजकीय बालिका इंटर काॅलेज की स्थापना कराने और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग की। सींगनखेड़ा में बंद पड़े हॉकी स्टेडियम से खिलाड़ियों को हो रही परेशानी का मुद्दा बीते दिनों अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। जिसके बाद विधायक आकाश सक्सेना ने स्टेडियम का निरीक्षण कर जल्द ही व्यवस्थाएं दुरुस्त कर स्टेडियम शुरू करने के निर्देश दिए थे। विधायक बृहस्पतिवार को दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिले तो उनके सामने भी स्टेडियम का मुद्दा उठाया। करीब आधे घंटे तक चली बातचीत में विधायक ने रामपुर के विकास कार्यों के संबंध में जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री ने रामपुर के विकास में सहयोग का भरोसा दिया।
विधायक ने गृहमंत्री को बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाएं रामपुर में धरातल पर पहुंच रही हैं, जिसका लाभ जरूरतमंदों तक पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों के आवास बनवाने के साथ आयुष्मान कार्ड भी बन रहे हैं। विधायक ने रामपुर के विकास से जुड़ी परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्होंने रामपुर के ज्वालानगर में राजकीय कन्या इंटर काॅलेज की स्थापना की मांग की। कहा कि इससे बेटियों को काफी सुविधा होगी। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार के लिए नई परियोजनाओं के बारे में बताया। केंद्रीय मंत्री ने सभी परियोजनाओं को जल्द पूरा कराने का भरोसा दिया। इस दौरान विधायक ने गृहमंत्री से लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की।