Rampur News: दहेज में कार न मिलने पर विवाहिता की हत्या, आरोपी फरार
रामपुर। कोतवाली क्षेत्र के बकैनिया भाट निवासी योगेश मौर्य की 21 वर्षीय पत्नी जयंती की सोमवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार सुबह मृतका का शव बेड पर पड़ा मिला। मायके वालों ने दहेज में कार की मांग को लेकर हत्या का आरोप लगाते हुए पति व जेठ-जेठानी के के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। तीनों आरोप घर से भाग गए। बरेली के थाना मीरगंज के परौरा गांव निवासी प्रेम शंकर ने अपनी बेटी जयंती का विवाह दो साल पहले क्षेत्र के बकैनिया भाट निवासी योगेश के साथ किया था। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के उसका उत्पीड़न कर रहे थे। मंगलवार की सुबह सूचना मिली कि उनकी बेटी की मौत हो गई। जयंती का शव सुबह बेड पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंचे मायकेवालों ने जमकर हंगामा किया और पुलिस को बुला लिया।
मृतका के पिता ने बताया कि पति योगेश, जेठ सोमपाल उर्फ सुमन, और जेठानी रजनी ने मिलकर उसकी बेटी की हत्या की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ केएन आनंद ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति, जेठ व जेठानी के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अंतिम संस्कार की तैयारी में थे ससुराल वाले
मृतका के पिता प्रेम शंकर ने बताया कि मंगलवार सुबह जब उन्हें बेटी की मौत की सूचना मिली तो वे उसकी ससुराल पहुंच गए। तब उसके ससुराल वाले अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। मृतका के मायके वालों ने हंगामा करते हुए अंतिम संस्कार को रुकवा दिया और पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद मृतका का पति, जेठ और जेठानी मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के मायके वालों को समझाया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

