Rampur News: आंगनबाड़ी केंद्रों पर ई-पॉस मशीन से बांटा जाएगा पुष्टाहार
रामपुर। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों पर लाभार्थियों को ई-पॉस मशीन के माध्यम से पुष्टाहार का वितरण किया जाएगा। इस व्यवस्था से पुष्टाहार कम मिलने और न मिलने की शिकायतों पर अंकुश लगेगा। इसके लिए जिले में 99 फीसदी लाभार्थियों का डाटा आधार प्रमाणीकरण हो चुका है। जल्द ही विभाग ई-पॉस मशीनों की खरीदकर लाभार्थियों के ब्योरे को इनमें दर्ज कराएगा।
शासन ने पारदर्शिता लाने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों पर ई-पॉस मशीन के माध्यम से पुष्टाहार का वितरण किए जाने के निर्देश जारी किए हैं। ई-पॉस मशीन की खरीद करने के लिए कार्यदायी संस्था को भी नामित कर दिया गया है। जिले में 2700 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। इन केंद्रों पर ढाई लाख बच्चों सहित गर्भवती को पुष्टाहार का वितरण किया जाता है। इसमें सात माह से तीन साल के बच्चे के लिए एक किलो दाल, एक पैकेट खाद्य तेल, एक किलो दलिया दिया जाता है। गर्भवती के लिए एक किलो दाल, डेढ़ किलो दलिया और एक पैकेट खाद्य तेल दिया जाता है। तीन से छह वर्ष तक के बच्चों को आधा किलो दाल व आधा किलो दलिया प्रतिमाह दिया जाता है। अब इन लाभार्थियों को आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से ही पुष्टाहार का वितरण किया जाएगा। इसके लिए विभाग ने 90 फीसदी लाभार्थियों का आधार प्रमाणीकरण का काम पूरा कर लिया है। लाभार्थी केंद्र पर पुष्टाहार लेने के लिए पहुंचेंगे, तो उन्हें पहले मशीन पर अपना अंगूठा लगाना होगा। इसमें प्रमाणित होने के बाद पुष्टाहार दिया जाएगा।
– ई-पॉस मशीन से पुष्टाहार वितरण होने से इसकी निगरानी करने में मदद मिलेगी। लाभार्थियों को कम राशन मिलने व राशन प्राप्त न होने की शिकायतें दूर होंगी। प्रत्येक लाभार्थी को आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से ही पुष्टाहार का वितरण होगा। -जितेंद्र जायसवाल, प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी रामपुर।



