Rampur News: चुनाव कराने का गुर जानने रामपुर आए जम्मू-कश्मीर के अधिकारी
रामपुर। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराने का गुर सीखने के लिए जम्मू-कश्मीर के चार जिलों के जिला उप निर्वाचन अधिकारी शनिवार को रामपुर पहुंचे हैं। चारों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में एडीएम हेम सिंह के साथ बैठक की। चारों स्वार विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के मतदान और मतगणना की प्रक्रिया को परखेंगे।
एडीएम ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के किश्तवार से नरेश कुमार, कुलगाम से बिलाल अहमद, रामबन से लाल चंद और ऊधमपुर से गुरदेव कुमार यहां आए हैं। उन्होंने बताया कि चारों अपने-अपने जिले के जिला उप निर्वाचन अधिकारी हैं। एडीेएम ने बताया कि वैसे तो चारों को चुनाव की प्रक्रिया के बारे में जानते हैं। लेकिन हाल के दिनों में प्रक्रिया में कुछ बदलाव हुआ है और जम्मू-कश्मीर में आने वाले दिनों में चुनाव कराए जाने का एलान हो सकता है। ऐसे में ये चारों यहां चुनाव कराए जाने की प्रक्रिया को समझने आए हैं। उन्होंने बताया कि चारों अधिकारियों को रामपुर और स्वार विधानसभा के बारे में जानकारी दी गई है। जिसमें यह भी बताया गया कि यहां कितने प्रत्याशी मैदान में हैं, कितने मतदाता है, कितने बूथ हैं और चुनाव ड्यूटी कैसे लगाई गई है। साथ में यह भी जानकारी दी गई मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण कैसे दिया जाता है और चुनाव आयोग को जानकारी कैसे अपडेट की जाती है।