Rampur News: बैंक खाते से आधार लिंक नहीं होने पर लटकेगी वृद्धा पेंशन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन के लाभार्थियों को अब आधार बेस्ड भुगतान किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार ने राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना से अपात्रों को बाहर करने के लिए आधार प्रमाणीकरण शुरू किया है। इससे दो जगह से पेंशन ले रहे या फिर मृतक एवं अपात्र पेंशनरों को योजना से हटा कर उनकी जगह नए पात्रों को पेंशन योजना का लाभ दिया जा सकेगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सूरज कुमारी ने बताया कि जिले में मौजूदा समय में राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 30 हजार लाभार्थी हैं। समाज कल्याण विभाग से वृद्धावस्था पेंशन पाने वाले लाभार्थियों को अब आवेदन के साथ ही आधार कार्ड को बैंक खाते से लिंक कराना होगा। जिन पेंशनरों के बैंक खाते आधार से लिंक नहीं हो सके हैं। उन लोगों को तत्काल अपने बैंक खाते को आधार से लिंक कराना अनिवार्य है। जिनके खाते आधार से लिंक नहीं हो पाएंगे, उनकी पेंशन की किस्त खाते में नहीं भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में तकरीबन चार हजार लाभार्थी ऐसे हैं जिनका आधार बैंक खाते से लिंक नहीं है। ऐसे में उनकी अगली किस्त रोक दी जाएगी।


