Rampur News: बिजली लाइन पर पेड़ गिरा, आधे शहर बिजली गुल
रामपुर। मंगलवार देर रात बारिश के चलते शाहबाद रोड पर एक पेड़ बिजली लाइन पर गिर गया। इसके चलते दो खंभे गिर गए। इससे रात करीब 11 बजे आधे शहर की बिजली गुल हो गई। सुबह तक बिजली न आने से लोगों को पानी की भी समस्या हुई। 16 घंटे बाद बुधवार दोपहर बाद तीन बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी, तब लोगों को राहत मिली। मंगलवार रात करीब आठ बजे से तेज बारिश शुरू हो गयी। इसके बाद कुछ देर के लिए बारिश रुक गई। देर रात फिर तेज बारिश होने लगी जिसके चलते शाहबाद रोड पर एक पेड़ बिजली लाइन पर गिर गया। इसके चलते दो पोल भी गिर गए। इसमें तेज चिंगारी के साथ सारे तार टूट गए। इससे रात करीब 11 बजे के आसपास पनवड़िया, सिविल लाइन, ज्वालानगर, शाहबाद गेट, शौकत अली रोड, नैनीताल रोड समेत आधे शहर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
रात भर यह मोहल्ले अंधेरे में डूबे रहे। लोग गर्मी के चलते बेहाल रहे। सुबह तक बिजली न आने पर लोगों ने बिजलीघरों से संपर्क किया तब पता चला कि पेड़ गिरने से सप्लाई बाधित हो चुकी है। बिजली जाने से पानी की सप्लाई भी ठप हो गयी। लोगों को पानी के संकट से भी जूझना पड़ा। शाम करीब तीन बजे बिजली आपूर्ति शुरू हो सकी। बिजली न आने से गृहणियों, छात्रों, व्यापारियों सभी को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रात में नहीं पहुंचे बिजलीकर्मी
बारिश के बाद पेड़ गिरने से जब खंभे गिरे तो तार सड़क पर आ गए। रातभर तार सड़क पर ही पड़े रहे, लेकिन बिजलीकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर तारों को उठाने की जहमत नहीं उठाई। पेड़ गिरने से जो खंभे गिरे वे सीमेंट के थे।
बिजली लाइन पर पेड़ गिरने से आपूर्ति बाधित हुई थी। बिजली कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर खंभे बदलने के साथ ही तार सही किए। उसके बाद बिजली आपूर्ति शुरू करा दी गई। -इमरान, एक्सईएन प्रथम, बिजली विभाग
आधी रात को गई बिजली सुबह तक नहीं आई, जिसके चलते ऑफिस जाने के लिए देरी हो गई। आए दिन बिजली कटौती के चलते परेशानी का सामना करना पड़ता है।
-आरिश, सिविल लाइन
– मोहल्ले में रात ही बिजली चली गई थी जो दोपहर बाद तक सुचारू नहीं हो सकी। जिसके चलते काफी परेशानी हुई। सुबह पानी की भी किल्लत हुई।
-डॉ. गुलाम अहमद खान, शाहबाद गेट क्षेत्र
रात से बिजली के खंभे गिर हुए हैं। सुबह तक किसी ने बिजली सही करने की जहमत नहीं उठाई। गर्मी के चलते पढ़ाई भी नहीं हो सकी।
-मोहसिन खान, छात्र पनवड़िया
रक्षाबंधन का त्योहार है और इस समय बिजली कटौती के चलते मिठाई दुकानदारों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। मिठाई खराब होने का खतरा रहता है। बिजली विभाग को व्यवस्था दुरुस्त रखनी चाहिए।
-शैलेंद्र शर्मा, व्यापारी नेता
रात में बिजली जाने के बाद गर्मी की वजह से काफी परेशानी हुई। सुबह पानी की दिक्कत भी हुई। बच्चों को स्कूल भेजने में भी देेरी हो गई।
-सावित्री, गृहणी


