Rampur News: जिला अस्पताल में क्षमता से दो गुना मरीज भर्ती
रामपुर। जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में अव्यवस्थाएं उजागर होने पर सोमवार को स्वास्थ्य विभाग से तीन सदस्यीय टीम ने वार्ड में पहुंचकर जायजा लिया। मरीजों से बातचीत कर व्यवस्थाएं परखीं। वार्ड की प्रभारी से एक बेड पर दो मरीज भर्ती होने के बारे में जानकारी करने पर मरीजों के हिसाब से बेड की कमी सामने आई। इसके लिए डेंगू वार्ड में अलग से बेड बढ़ाने के लिए सीएमओ को रिपोर्ट भेजी है।150 बेड की क्षमता वाले जिला अस्पताल में 297 मरीज भर्ती चल रहे हैं। इनमें इमरजेंसी से लेकर मेडिकल, सर्जिकल और डेंगू वार्ड में मरीजों की भरमार है। बुखार व डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ने से अस्पताल में व्यवस्थाएं प्रभावित हुई हैं। डेंगू व बुखार वार्ड में कई बार एक बेड पर दो मरीज भर्ती मिले हैं। अमर उजाला ने सोमवार के अंक में प्रमुखता से इस व्यवस्था पर सवाल खड़े किए तो स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया।
सीएमओ डॉ. एसपी सिंह के निर्देश पर सोमवार को जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सत्य प्रकाश, डॉ. ओपी राय और डॉ. संजीव कुमार डेंगू वार्ड में व्यवस्थाओं को जांचने के लिए पहुंचे। यहां उन्होंने पहले वार्ड में पहुंचकर मरीजों के भर्ती होने के संबंध में जानकारी ली। 65 बेड के डेंगू वार्ड में सभी बेड मरीजों से फुल थे। टीम के पहुंचने से पहले सभी वार्डों के ताले खुलवा दिए गए थे। टीम ने वार्ड की प्रभारी से एक बेड पर दो मरीज भर्ती होने के संबंध में जानकारी की तो प्रभारी ने बताया की मरीजों की संख्या के हिसाब से बेड़ों की कमी है। इसलिए एक बेड पर दो मरीज लिटा दिए होंगे।
अस्पताल के मैनेजर अनुभव भारद्वाज ने बताया कि डेंगू के मरीजों के लिए 65 बेड आरक्षित हैं और सभी बेड़ों पर मच्छरदानी लगी हुई है। कहा कि 30 बेड का आइसोलेशन वार्ड बना है, जिसमें वेंटीलेटर की सुविधा है। मगर वेंटीलेटर की वजह मरीज को इसमें भर्ती नहीं कर सकते। जिसके बाद टीम बेड बढ़ाने की बात कहकर यहां से रवाना हो गई।
बयान
अस्पताल में डेंगू वार्ड में 65 बेड हैं। इनमें 15 बेड एलाइजा पॉजिटिव और 50 बेड डेंगू संदिग्धों के लिए हैं। 30 बेड का आइसोलेशन वार्ड है। अस्पताल में बेड बढ़ाने के लिए शासन को पूर्व में प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
– डॉ. एचके मित्रा, सीएमएस जिला अस्पताल।
अस्पताल में असुविधाओं पर टीम को भेजकर दिखवाया है। बेड क्षमता से अधिक मरीज होने पर ये समस्या आई है। इसके निदान के लिए प्रयास किए जाएंगे। शासन से बेड बढ़ाने की मांग की जाएगी।
डॉ. एसपी सिंह, सीएमओ

