Rampur News: पुलिस ने कुत्ते के मालिक के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट
बिलासपुर। पालतू कुत्ते के हमले से घायल छात्रा की हालत में सुधार है। वहीं, पुलिस ने बालिका के पिता की तहरीर पर कुत्ते के मालिक खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शनिवार को पालतू पिटबुल कुत्ते ने सात बर्षीय छात्रा माही पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। छात्रा के पिता की तहरीर पर कुत्ते के मालिक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज की है। पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ख़ोदलपुर स्थित गणेश कालोनी निवासी विनोद ने कहा है कि उसके पड़ोसी सब्बे का एक पालतू कुत्ता पिटबुल जिसे वह अक्सर खुला छोड़ देता है। शनिवार सुबह करीब 8 बजे उसके घर में घुस आया और उसकी सात वर्षीय पुत्री माही पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। जब उसने सब्बे से इसकी शिकायत की तो वह उल्टा उसके साथ गाली गलौज करने लगा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कुत्ते के मालिक के खिलाफ धारा 289 और 324 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, निजी चिकित्सालय में उपचारधीन छात्रा माही की हालत में रविवार को चिकित्सकों ने सुधार बताया है।