Shahjahanpur News: शादी से छह दिन पहले युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत

सुनील कुमार का फाइल फोटो। मदनापुर में ट्रैक्टर से कुचलने वाली खबर का
– रविवार की सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गन्ना लोड करने गया था सुनील
– मृतक के परिजनों ने ट्रैक्टर से कुचलने का आरोप लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
मदनापुर। थाना क्षेत्र के गांव सुजावलपुर निवासी जोगेंद्र के पुत्र सुनील (18) की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। वह गन्ने को लोड करने गया था। मृतक के परिजनों ने ट्रैक्टर से कुचलने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुनील मेहनत-मजदूरी करता था। रविवार की सुबह करौंदी गांव के वीरेंद्र कुमार के ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गन्ना लोड करने काबिलपुर गया था। शाम चार बजे काबिलपुर गांव के बाहर सुनील का कुचला शव पड़ा मिला। सूचना आने के बाद परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने थाने पर सूचना दी। आरोप है कि ट्रैक्टर से कुचलने के बाद आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के पिता जोगेंद्र ने बताया कि सुनील की छह मई को बिहारीपुर कोटा गांव से बरात आनी थी। उसकी मौत से भाई श्रवण, लाखन व अरुण व बहन कामिनी बिलख पड़ीं। सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
मछली पकड़ने जा रहे युवक की मौत, रिश्तेदार भी घायल
– अल्हागंज में दहेना गांव के पास रविवार की सुबह नौ बजे हुआ हादसा
– कार ने मोपेड में टक्कर मारी, नीरज का सीएचसी में चल रहा इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। कांट थाना क्षेत्र के पट्टी पूर्वी निवासी बाबूराम का पुत्र संदीप उर्फ देवलाल (28) की मोपेड में कार ने टक्कर मार दी। हादसे में देवपाल की मौत हो गई। उसका रिश्तेदार नीरज घायल हो गया। देवपाल रामगंगा नदी में मछली पकड़ने जा रहा था।
रविवार की सुबह देवलाल अपने चचेरे भाई नीरज के साथ मोपेड से अल्हागंज में उजीरपुर गांव के पास नदी में मछली पकड़ने जा रहा था। दहेना गांव के पास सुबह करीब नौ बजे निर्माणाधीन हाईवे के पास कार ने मोपेड में टक्कर मार दी। हादसे में देवलाल की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका रिश्तेदार नीरज घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में सीएचसी पर भर्ती कराया गया। सूचना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। देवलाल की मौत से पत्नी सीमा देवी बिलख पड़ी। वह अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गया है।