Rampur News: लकड़ी तस्करों के खिलाफ बाइक चोरी करने की रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Thu, 30 Nov 2023 01:19 AM IST
स्वार। पीपली रेंज की सालारपुर चौकी में एक वन दरोगा और माली को बंधक बनाकर उनकी बाइकें और खैर लकड़ी छीन कर ले जाने के मामले में मिलकखानम पुलिस ने तहरीर के आधार पर तस्करों के खिलाफ बाइक चोरी कर ले जाने के आरोप के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना मिलकखानम क्षेत्र में स्थित पीपली वन है जिसका रेज कार्यालय सालारपुर में है। पीपली में खैर तस्कर सक्रिय रहते हैं जिसके चलते अकसर तस्करों और वन कर्मियों में मुठभेड़ होती रही है लेकिन रविवार की रात वन तस्करों को पता चला कि सालारपुर चौकी के अधिकतर वन कर्मी मिलकखानम तिराहे पर मैरिज हाल में शादी की पार्टी में गए हुए हैं। इसके चलते वन तस्कर सलारपुर वन चौकी पर पहुंचे थे। वहां दो कर्मियों को देख उन्हें बंधक बना लिया और उनकी ही बाइक पर खैर के लट्ठे बांधकर फरार हो गए थे। शादी की दावत खाकर जब कुछ देर बाद अन्य वन कर्मी आए दो वन कर्मियों को पेड़ से बंधा देख सन्न रह गए। उन्होंने उन्हें बंधन मुक्त किया।
इस संबंध में वन रेंजर मुजाहिद हुसैन ने बताया कि सालारपुर वन कार्यालय परिसर से बाइक चोरी हुई हैं। वन कर्मियों को बंधक बनाकर बाइकें छीनने का मामला नहीं है। इस मामले में मिलकखानम पुलिस को बाइक चोरी होने की तहरीर दी गई थी जिसके चलते पुलिस ने बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है। मिलकखानम पुलिस घटना की जांच में जुटी है।