Rampur News: स्वार में रेशमा ने रचा रिकॉर्ड, लगातार दूसरी बार पालिकाध्यक्ष बनने वाली पहली महिला
स्वार। निकाय चुनाव में रेशमा परवीन लगातार दूसरी बार स्वार की चेयरमैन चुनी गई हैं। वह लगातार दूसरी बार चेयरमैन बनने वाली पहली महिला हैं। सियासी परिवार की बात करें तो उन्होंने यह पद तीसरी बार परिवार में रखकर हाजी खुदा बख्श के रिकॉर्ड भी भी बराबरी करली है।
रेशमा परवीन अंसारी ने 2006 में वार्ड सभासद का चुनाव जीत कर अपना सियासी सफर शुरु किया था। जनता ने उनके कार्यकाल को अच्छा देखते हुए प्रमोशन दे दिया और जब वह 2017 में पहली बार अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ीं तो जनता ने लगभग 53 प्रतिशत वोट देकर ऐतिहासिक जीत दिलाई। इस बार 2023 में पिछड़ी महिला के लिए सीट आरक्षित हुई तो वह फिर से चुनाव मैदान में उतरीं। अपना दल एस ने उन्हें अपना प्रत्याशी घोषित किया और लगातार दूसरा चुनाव जीत कर अध्यक्ष चुनी गईं।
स्वार निकाय चुनाव के इतिहास में यूं तो हाजी खुदा बख्श लगातार तीन बार चेयरमैन चुने जाने और दो बार लगातार उनके बेटे मुश्ताक अहमद चेयरमैन बनने का रिकॉर्ड बना चुके हैं जिसे अभी तक कोई भी नहीं तोड़ पाया है। 2007 तक नगर के दो परिवारों के बीच ही चेयरमैन पद की दौड़ रही है। पहला परिवार हाजी खुदा बख्श और दूसरा इरशाद पधान का परिवार रहा है। हाजी खुदा बख्श के परिवार में वह स्वयं तथा उनके बेटे के अलावा उनकी पौत्र वधू रेहाना अंसारी चेयरमैन बन चुकी हैं। कुल मिलाकर छह मर्तबा चेयरमैन पद इस परिवार में रहा है। इनके अलावा इरशाद पधान एक बार और उनके बेटे मकसूद हुसैन दो बार चेयरमैन चुने जा चुके हैं।
स्वार के निकाय चुनाव के इतिहास में वह पहली महिला हैं जो दूसरी बार अध्यक्ष चुनी गई हैं। इससे पहले हाजी खुदा बख्श की पौत्र वधू रेहाना परवीन अंसारी एक बार अध्यक्ष बनी थीं। रेशमा परवीन अंसारी ने अपने परिवार के लिए दूसरा रिकॉर्ड यह बराबर किया कि परिवार में लगातार तीसरी बार अध्यक्ष का ओहदा रखने में सफल हुई हैं। इससे पहले हाजी खुदा बख्श ही लगातार तीन बार अध्यक्ष चुने जा चुके हैं।