Rampur News: संशोधित….शहर को 18 और ग्रामीण क्षेत्र को मिल रही मात्र 14 घंटे बिजली
रामपुर। भीषण गर्मी के मौसम में शासन ने जिला मुख्यालय को 24 घंटे बिजली आपूर्ति के आदेश दिए हैं, लेकिन अफसरों के लिए यह आदेश बेमानी साबित हो रहे हैं। शहर को मात्र 18 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। कमोवेश देहात में भी यही स्थिति है। देहात क्षेत्र में बिजली न आने के कारण किसान फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। शहर में भी लगातार हो रही कटौती के कारण कई स्थानों पर पेयजल का संकट उत्पन्न हो गया है।
मौजूदा समय में रामपुर डिवीजन को ट्रांसमिशन से 1321.674 मेगावाट बिजली भेजी जा रही है। जबकि महज 1036.197 मेगावाट बिजली ही मिल पा रही है। शेष बिजली ओवरलोड और बिजली चोरी की भेंट चढ़ रही है। ऐसे में रामपुर की अगर बात करें तो मौजूदा समय में शहर में 18 घंटे और ग्रामीण इलाकों में मुश्किल से 13-14 घंटे सप्लाई मिल पा रही है। यही हाल मिलक क्षेत्र का है। यहां पर कस्बे में महज 22 घंटे और ग्रामीण इलाकों में 10 घंटे सप्लाई मिल पा रही है। स्वार कस्बे में 15 घंटे की बिजली सप्लाई मुहैया हो पा रही है जबकि ग्रामीण इलाके में 12 घंटे की बिजली आ रही है। बिलासपुर कस्बे में 18 घंटे और ग्रामीण क्षेत्र में 10 घंटे की सप्लाई मुश्किल से मिल पा रही है। वहीं शाहबाद में शहर में 14 घंटे और ग्रामीण इलाकों जिनमें सैफनी, पटवाई मिलाकर 8 से 10 घंटे ही सप्लाई मिल रही है। खास बात यह है कि ग्रामीण इलाकों में टयूबवेल के लिए भी दो से तीन घंटे ही बिजली सप्लाई सिंचाई के लिए मिल पा रही है। बिजली सप्लाई न आने से शहर और ग्रामीण इलाके का हर तबका परेशान है। खासतौर पर व्यापारी, छात्र, किसान काफी अधिक चिंता में हैं।