Rampur News: रोडवेज को मिली तीन और नई बसें, दिल्ली रूट पर दौड़ रहीं
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Thu, 30 Nov 2023 01:15 AM IST
रामपुर। रामपुर से दिल्ली का सफर और सुहाना हो गया है। रामपुर रोडवेज डिपो को तीन और नई बसें मिल चुकी हैं। अब कुल 10 बसें डिपो के पास आ चुकी हैं। यह नई बसें दिल्ली रूट पर दौड़ाई जा रही हैं। जबकि पुरानी बसों की कंडीशन बेहतर न होने के चलते उनको अन्य कम किलोमीटर वाले रूटों पर तरफ लगाया गया है।
रामपुर रोडवेज डिपो में काफी समय से जर्जर बसें चल रही थीं। जिसके बाद दीपावली से पहले सात नई बसें दी गई थीं। जिनको दिल्ली रूट पर चला दिया गया था। जबकि इसके बाद अभी तीन और बसें रामपुर रोडवेज डिपो को दी गई हैं। जिसके बाद अब यहां पर 79 बसें संचालित हो गई हैं। इन नई 10 बसों को दिल्ली, आगरा, मेरठ के साथ अन्य लंबे रूट पर दौड़ाया जा रहा है। जबकि पुरानी बसों को कम किलोमीटर वाले शहरों में दौड़ाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि नई बसों के चलते फेरे भी बढ़ाए गए हैं, जिससे रोडवेज को फायदा मिल रहा है। एआरएम दीपचंद्र जैन ने बताया कि अब रामपुर के बेड़े में बसें पर्याप्त हैं, जिससे मुसाफिरों को भी सुविधा मिल रही है।