Rampur News: जिला अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती बुजुर्ग की मौत, हंगामा
रामपुर। जिला अस्पताल में इलाज के लिए आए एक बुजुर्ग की शुक्रवार को मौत हो गई। सुबह 9.30 बजे बुजुर्ग को सांस की तकलीफ होने पर इमरजेंसी में लाया गया था। इमरजेंसी में बेड खाली न होने पर उसको मेडिकल वार्ड में ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर समय पर मरीज को ऑक्सीजन उपलब्ध न करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस ने उन्हें शांत किया।
टांडा क्षेत्र के मानकपुर गांव का रहने वाला लाखन (60) सांस की बीमारी से पीड़ित था। शुक्रवार को तबीयत बिगड़ने पर परिजन उनको जिला अस्पताल लेकर आए थे। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में उसको दिखाया। अस्पताल की इमरजेंसी में बेड खाली नहीं थी। सभी पर मरीज भर्ती थे। लाखन को भर्ती करने के लिए बेड नहीं मिल पाया। इमरजेंसी में प्राथमिक उपचार के बाद लाखन को अस्पताल के द्वितीय तल पर स्थित मेडिकल वार्ड में रेफर कर दिया। यहां भर्ती दौरान सुबह में 10.30 बजे लाखन ने दम तोड़ दिया। मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया। उनका कहना था कि अस्पताल में मरीज को समय पर ऑक्सीजन नहीं मिल पाई। इससे मरीज की जान चली गई। सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को शांत किया। जानकारी होने पर सीएमओ डॉ. एसपी सिंह अस्पताल पहुंचे पर परिजन पहले ही मृतक का शव लेकर यहां से घर चले गए थे।