Rampur News: नवजात की मौत पर अस्पताल में हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Sun, 10 Dec 2023 01:31 AM IST
स्वार। शुक्रवार की रात नगर के एक निजी नर्सिंगहोम में जुड़वां नवजात में से एक शिशु की मौत हो गई। जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है। परिजन ने नर्सिंगहोम के स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। जिसके बाद नर्सिंग होम संचालक और स्टाफ वहां से खिसक लिया। पुलिस ने एम्बुलेंस से दूसरे शिशु को जिला अस्पताल भिजवाया।
कोतवाली क्षेत्र के अलीनगर जागीर गांव निवासी मुकेश की पत्नी आरती को बृहस्पतिवार को प्रसव पीड़ा हुई। परिजन आरती को बिलासपुर रोड पर रहने वाली एक दाई के घर लेकर पहुंचे। यहां उसने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। जन्म के बाद ही दोनों नवजात की हालत बिगड़़ गई। इसके चलते दाई के हाथ पैर फूल गए और उसने प्रसूता और शिशुओं को दूसरी जगह डॉक्टर के पास ले जाने को कहा। उसकी सलाह पर परिजन प्रसूता व जुड़वां बच्चों को नगर स्थित एक नर्सिंगहोम में लेकर पहुंचे जहां तीनों को भर्ती करने के बाद संचालक ने इलाज शुरू कर दिया। उपचार के बावजूद शिशुओं की हालत में सुधार नहीं आया। परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार रात संचालक व चिकित्सक की लापरवाही के चलते जुड़वां नवजात में से एक की मौत हो गई है जबकि दूसरे बच्चे की हालत और ज्यादा बिगड़ गई। नवजात की मौत पर परिजनों ने हंगामा किया। हंगामा बढ़ता देख नर्सिंग होम का समस्त स्टाफ वहां से खिसक लिया। हंगामे की जानकारी मिलने पर कोतवाल जयवीर सिंह और सीएचसी अधीक्षक डॉ.देवेश चौधरी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हंगामा कर रहे परिजन को समझा बुझाकर शांत किया। इस बीच दूसरे बच्चे ची हालत नाजुक देख उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवा दिया गया। इस संबंध में अभी पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। कोतवाल जयवीर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उधर, सीएचसी अधीक्षक डॉ.देवेश चौधरी ने बताया कि मामले से सीएमओ को अवगत करा दिया है।
भाजपा नेता लक्ष्मीकांत सैनी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजा है जिसमें कहा गया है कि स्वार क्षेत्र में अधिकतर फर्जी हॉस्पिटल का संचालन धड़ल्ले से किया जा रहा है। इन अस्पतालों में अवैध रूप से गर्भपात का धंधा जोरो से चल रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि स्वास्थ्य विभाग कि मिलीभगत से यह धंधा फल फूल रहा है। भाजपा नेता ने जिलाधिकारी से फर्जी नर्सिंगहोमों का जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।