Rampur News: दहेज में सात लाख रुपये और 160 मेहमानों के लिए अंगूठी… मना किया तो तोड़ दिया रिश्ता
स्वार। नगर पंचायत नरपतनगर की एक युवती का रिश्ता दहेज की मांग पूरी न होने के चलते टूट गया। आरोप है कि युवक पक्ष ने दहेज में सात लाख कैश, 600 बरातियों के स्वागत सत्कार, चौथी की रस्म में 160 लोगों को चांदी की अंगूठी व गिफ्ट और लड़के के बहन-बहनोई को सोने की चेन देने की शर्त रखी थी। युवती पक्ष ने यह सब देने में असमर्थता जताई तो दहेज लोभियों ने रिश्ता तोड़ दिया। इस संबंध में युवती पक्ष की ओर से स्वार कोतवाली में तहरीर दी गई है।
नरपतनगर निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बेटी का रिश्ता नजदीकी गांव निवासी एक युवक से किया था। युवती के पिता ने बताया कि अब तक हुई रस्मों में लाखों रुपये खर्च हो चुके हैं। रिश्ता तय हुए कई माह बीत गए जब शादी की तारीख तय करने को कहा तो युवक पक्ष ने ये सब शर्तें रख दीं। कुछ मांगों को पूरा करने के लिए राजी भी हुए, लेकिन आरोपी और मांगें बढ़ाते रहे। कई मांगें पूरी करने का आश्वासन भी दिया, लेकिन आरोपी तैयार नहीं हुए। युवक पक्ष ने स्पष्ट कह दिया कि अगर सभी शर्तें मंजूर होंगी तभी शादी की तारीख तय की जाएगी अन्यथा नहीं।
इसके बाद युवती पक्ष ने रिश्ता कराने में बिचौलिया रहे रिश्तेदारों से शिकायत की तो उन्होंने भी युवक पक्ष को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी नहीं माने। इसके बाद युवती के पिता ने स्वार कोतवाली पहुंचकर युवक और उसके परिजनों के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाल अजय शर्मा ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए कार्रवाई की जाएगी।