रामपुर

Rampur News: सात साल के बच्चे की दुष्कर्म के बाद सिर कूचकर हत्या

Connect News 24

रामपुर। बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र में उत्तराखंड सीमा के करीब स्थित एक गांव में अपने ननिहाल में रह रहे सात साल के बच्चे की दुष्कर्म के बाद पत्थर से सिर कूचकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी शिवा (22) को गिरफ्तार कर मंगलवार रात शव बरामद कर लिया। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी समेत अन्य अफसर भी मौके पर पहुंच गए।

बिहार के जिला मुजफ्फरपुर के थाना कटरा के एक गांव निवासी व्यक्ति ने मंगलवार को दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि वह रक्षाबंधन पर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में अपनी सुसराल आया था। उसके साथ पत्नी व उसका सात वर्षीय पुत्र भी आया था। रक्षाबंधन के बाद वह पत्नी और पांच साल की बेटी को लेकर हरियाणा के पानीपत में मजदूरी करने चला गया, लेकिन उसका सात साल का बेटा ननिहाल में ही रुक गया था। आरोप है कि घर के बाहर खेलते समय चार नवंबर की शाम करीब चार बजे उसके बेटे का पड़ोस में ही रहने वाले शिवा पुत्र रामकुमार निवासी ग्राम टेहरा थाना पलिया जिला लखीमपुर खीरी ने अपहरण कर लिया।

काफी तलाश के बाद भी जब बालक नहीं मिला तो वह भी ससुराल पहुंच गया और सात नवंबर की रात कोतवाली में बेटे के अपहरण की शिवा के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाली प्रभारी नवाब सिंह ने बताया कि घर के पास में ही लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की गई तो पता चला कि चार नवंबर को शिवा पैदल ही बालक को लेकर गन्ने के खेत की ओर लेकर जाता दिखा। मुखबिर की सूचना पर आरोपी शिवा को नैनीताल हाईवे स्थित बंगाली कॉलोनी मोड़ के पास से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर शिवा ने दुष्कर्म के बाद हत्या की बात स्वीकर कर ली। उसकी निशानदेही पर बालक शव गांव निवासी एक व्यक्ति के गन्ने के खेत से मंगलवार रात 12 बजे बरामद कर लिया गया।

सूचना मिलने पर एसपी राजेश द्विवेदी, एएसपी डॉक्टर संसार सिंह, सीओ रवि खोखर भी रात में ही घटना स्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके से हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने बच्चे को गन्ना खिलाने के बहाने खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया था और चिल्लाने पर पत्थर से उसकी सिर कूचकर हत्या कर दी। बाद में शव को गन्ने की पत्तियों से छुपा दिया। सीओ रवि खोखर ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया गया। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

शिवा को भइया कहता था मृतक

पुलिस पूछताछ में आरोपी शिवा ने बताया कि वह अक्सर बच्चे को टॉफी आदि खिलाता रहता था। बालक उसे भइया कहता था। दोनों में अच्छी जान पहचान थी। इसलिए जब उसने गन्ना खिलाने की बात कही तो वह खेत जाने को तैयार हो गया। चार नवंबर को आरोपी ने खेत ले जाकर दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी। बालक की हत्या की खबर लगते ही गांव वाले सन्न रह गए। मोहल्ले के लोगों ने बताया शिवा ऐसी वारदात को अंजाम देगा, किसी को भरोसा नहीं था।

चार माह की गर्भवती है आरोपी की पत्नी

कोतवाली प्रभारी नवाब सिंह के अनुसार बालक के हत्यारोपी शिवा ने बताया कि वह मूल रूप से लखीमपुर खीरी जिले के थाना पलिया के गांव टेहरा का निवासी है। छह माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। शादी होने के बाद वह करीब साढ़े चार माह पहले पत्नी को लेकर गांव में रहने आने था। वह गांव में ही एक फैक्ट्री में मजदूरी करता है। उसकी पत्नी चार माह की गर्भवती है। पति के जेल जाने के बाद पत्नी अपने रिश्तेदार के साथ वापस गांव चली गई।

पता होता तो बेटे को छोड़कर नहीं जाते

चार दिन से गायब बेटे का शव मिलने के बाद माता-पिता बेसुध हो गए। रोते हुए माता-पिता बस इतना ही कह रहे थे कि पता होता बेटे के साथ ऐसा हो जाएगा तो कभी छोड़कर नहीं जाते। आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। दंपती के एक पांच साल की बेटी भी है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button