Rampur News: पालिका की लापरवाही की निशानी, लाखों लोग पी रहे गंदा पानी
रामपुर। नगर पालिका की लापरवाही के चलते लोगों को दूषित पानी पीना पड़ रहा है। दो साल से ज्यादा समय से नगर पालिका ने ओवरहेड टैंकों की सफाई नहीं कराई है, जबकि एक साल के अंदर ही ओवरहेड टैंक की सफाई कराने का नियम है। वहीं शहर के कुछ मोहल्ले ऐसे हैं, जहां पाइपलाइन इतनी जर्जर हो चुकी है कि पाइपलाइन से नाले का पानी लोगों के घरों में पहुंच रहा है। शिकायत के बाद भी जिम्मेदार इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। शहर में 43 वार्ड हैं और आबादी करीब चार लाख है। चार लाख लोगों को 27 ओवरहेड टैंक के जरिये पानी की आपूर्ति की जाती है। नियम के अनुसार एक साल के अंदर ही पालिका को ओवरहेड टैंक की सफाई करानी जरूरी होती है, ताकि टैंक में काई न जमने पाए, लेकिन पालिका की लापरवाही के चलते शहर की पानी की टंकियों की सालों से सफाई नहीं हुई। जब इसकी पड़ताल की गई तो कई ओवरहेड टैंक ऐसे मिले जिनकी सफाई हुए दो साल से भी ज्यादा समय बीत चुका है। ऐसे में इन टैंकों में गंदगी जम चुकी है। इसी के चलते लोगों के घरों में गंदा पानी आ रहा है। लोग इसकी शिकायत करते हैं, लेकिन जिम्मेदार ध्यान नहीं देते।
वहीं शहर के मोहल्ला कटकुइयां, चिरान, मोती मस्जिद समेत कुछ इलाकों में पुरानी डेक्चून की पाइपलाइनें पड़ी हैं। ये पाइपलाइन इतनी जर्जर हो चुकी हैं कि इनमें छोटे-छोटे छेद हो गए है। इनसे नाले का पानी लोगों के घरों तक पहुंचता है। घरों की टंकियों से काला पानी निकल रहा है। इसके अलावा सिविल लाइन, पहाड़ी गेट, डूंगरपुर, नादर बाग, किला क्षेत्र में में भी गंदे पानी की समस्या है। किला क्षेत्र की पानी की टंकी हालत भी जर्जर है।
पालिका की पानी व्यवस्था बेहद खराब हो चुकी है। ओवरहेड टैंकों की सफाई सालों से नहीं हुई है। इस वजह से पानी में पीलापन रहता है। शिकायत के बाद भी पालिका साफ-सफाई नहीं करा रही है। -हरविंदर सिंह, पूर्व सभासद, सिविल लाइन।
टंकियों से आने वाला पानी बेहद खराब है। इससे बीमारियों का खतरा बना रहता है। लोग मजबूरी में इससे नहाते हैं। पीने के लिए बाहर से पानी मंगाना पड़ता है। नगर पालिका को इसमें सुधार करना चाहिए।
– शुएब मियां, निवासी राधा रोड।
पालिका की लापरवाही से पानी बेहद गंदा आ रहा है। कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। मोहल्लों में पाइपलाइन बेहद जर्जर हो चुकी हैं।
-सुशील, निवासी आवास विकास कॉलोनी
डेक्चून की पाइपलाइनें काफी पुरानी हो चुकी हैं। जिस वजह से इसमें छेद भी हो गए हैं। इसके चलते नाले का पानी रिसता हुआ घरों में पहुंच रहा है। पानी काला होने के चलते पीने की हिम्मत नहीं जुटा पाते।
-फारुख, निवासी लेबर कॉलोनी
ओवरहेड टैंक की साफ-सफाई हर साल नहीं होती है, जिसकी वजह से इसमें काई जम चुकी है। इसके चलते पानी में बदबू आने लगी है। मजबूरी में लोग इसे पीते हैं। नगर पालिका को व्यवस्थाएं ठीक करानी चाहिए। इस पानी को लोग पी भी नहीं सकते हैं। इसमें नाले की दुर्गध उठती है।
-देवेंद्र सिंह, निवासी रोशन बाग
यदि कहीं पानी खराब आ रहा है तो उसे दिखवाया जाएगा। ओवरहेड टैंकों की जल्द ही सफाई करवाई जाएगी। संबंधित कर्मचारियों को भेजकर लोगों की समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।
-अवनीश कुमार, ईओ, नगर पालिका परिषद, रामपुर।