Rampur News: क्राइम मीटिंग के बाद चला एसपी का चाबुक, 11 सिपाही लाइन हाजिर, तीन थानेदार हटाए
रामपुर। बुधवार रात को एसपी ने जनपद के पुलिस अधिकारियों की क्राइम मीटिंग लेने के बाद जनपद के अलग अलग थानों में तैनात 11 सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया। इसके अलावा स्वार, सैफनी और अजीमनगर के थानेदारों को हटा दिया गया। उनके स्थान पर अपराध शाखा से इंस्पेक्टरों को तैनाती दी गई है।
बुधवार रात के समय एसपी अशोक कुमार शुक्ला ने पुलिस लाइन में कानून अपराध समीक्षा को लेकर क्राइम मीटिंग की थी। इस दौरान एसपी ने शासन की मंशा के अनुरूप कार्य न करने वाले थानेदारों के संबंध में रिपोर्ट तलब की थी। इतना ही नहीं जनपद के अलग अलग थानों में तैनात सिपाहियों की भी रिपोर्ट सही नहीं मिल रही थी। उक्त सिपाही न तो अपराध नियंत्रण में सहयोग कर रहे थे और न ही उनका आम जनता के प्रति व्यवहार शालीन था। इसके चलते एसपी ने गुरूवार को 11 सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया। इसके अलावा स्वार, सैफनी और अजीमनगर थाना प्रभारी को भी हटा दिया गया।
यह सिपाही हुए लाइन हाजिर
राहुल कुमार सर्विलांस सेल, संजीव कुमार थाना मिलक खानम, विकास राणा थाना पटवाई, संजय सिंह थाना खजुरिया, नवनीत कुमार यातायात पुलिस, अंकित कुमार शहर कोतवाली, ललित डागर कोतवाली बिलासपुर,गौरव थाना मिलक, विकास थाना स्वार, संजोग मान थाना टांडा और सुनील कुुमार थाना स्वार।
इन थानेदारों को हटाया
क्राइम मीटिंग के बाद एसपी अशोक कुमार ने स्वार कोतवाली प्रभारी शरद मलिक को अपराध शाखा, इंस्पेक्टर शाहबाद अजय कुमार को कोतवाली स्वार, अपराध शाखा से बिजेंद्र सिंह को थाना अजीमनगर, दारोगा अमर सिंह राठौर को अजीमनगर थाना प्रभारी के पद से हटाकर एसएसआई शहर कोतवाली, थाना खजुरिया के अपराध निरीक्षक अमरपाल सिंह को थाना प्रभारी सैफनी, करनपाल सिंह को अपराध शाखा से थाना प्रभारी शाहबाद और दारोगा संजय सिंह को सैफनी थाना प्रभारी के पद से हटाकर अपराध शाखा भेजा है।
अच्छा काम करने वाले सिपाहियों को किया सम्मानित
एसपी अशोक कुमार शुक्ला ने बताया कि क्राइम मीटिंग के दौरान जनपद के अलग अलग थानों में तैनात सिपाहियों को अच्छा कार्य करने और आम जनता से अच्छा व्यवहार करने पर प्रशस्ति पत्र और प्रोत्साहन राशि देकर उन्हें सम्मानित किया गया है। उक्त सिपाहियों को उनके मनचाहे थाने में पोस्टिंग भी दी जाएगी।
कई थानेदार अभी भी रडार पर
एसपी ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट के तहत कुछ थानेदार मंशापूर्वक कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। सभी थानेदारों को गैंगस्टर एक्ट में बदमाशों और माफिया की संपत्ति जब्त करने के आदेश दिए गए हैं, लेकिन कई थानेदार लगातार लापरवाही कर रहे हैं उनकी रिपोर्ट तलब की गई है। शीघ्र ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।